दीवार काटकर घर में घुसे चोर, सोते रहे बुजुर्ग पति-पत्नी... 75 हजार कैश समेत सोने-चांदी लेकर बदमाश फरार
शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सगड़ा महगवां में चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए घर की दो दीवारें खोद डालीं और अंदर घुसकर जेवरात व नकदी चोरी कर ली। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 21 Apr 2026 10:33:12 PM (IST)Updated Date: Tue, 21 Apr 2026 10:33:12 PM (IST)
दीवार काटकर घर में घुसे चोर। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- दीवार काटकर घर में घुसे चोर
- चोरी के दौरान सोते रहे बुजुर्ग
- सोने-चांदी लेकर बदमाश फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सगड़ा महगवां में चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए घर की दो दीवारें खोद डालीं और अंदर घुसकर जेवरात व नकदी चोरी कर ली। घटना के समय वृद्ध दंपत्ति घर के दहलान में सो रहे थे। सोमवार को मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है।
वारदात का तरीका
पुलिस के अनुसार, सगड़ा महगवां निवासी लखनलाल अहिरवार (60) अपनी पत्नी के साथ रविवार रात घर के दहलान में सो रहे थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने पहले ईंट की दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद आरोपितों ने एक अन्य मिट्टी की दीवार को भी खोदकर दूसरे कमरे में पहुंच बनाई।
चोरी गया मशरुका
चोरों ने कमरे में रखी पेटी और अनाज की टंकी को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में चांदी के दो कड़े, संतान साते की चूड़ी, करधन, दो जोड़ी पायल, सोने का हार, चैन, दो अंगूठियां और करीब 75 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
सुबह हुई जानकारी
सोमवार सुबह जब दंपत्ति की नींद खुली, तो घर की दीवारें खुदी हुई और सामान गायब मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।