
नईदुनिया प्रतिनिधि जबलपुर। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए शासन के निर्देश पर हर मंगलवार को नगर निगम में भी जनसुनवाई की जा रही है। न सिर्फ आम जनता बल्कि जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी जनसुनवाई में एक वर्तमान व दूसरे पूर्व पार्षद पहुंचे और समस्या को लेकर गुहार लगाई।
शिवशक्ति मंदिर के पास छुई खदान के नागरिकों को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक 17 के कांग्रेस पार्षद शेखर सोनी ने जनसुनवाई कर रहे अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त वेदप्रकाश को पीढ़ा बता दी। पार्षद ने बताया कि छुई खदान के 50 से ज्यादा परिवारों पिछले दो माह से पेयजल के लिए परेशान है। यहां सभी घरों में नल कनेक्शन हैं परंतु विगत दो माह से नर्मदा जल की आपूर्ति नहीं हो रही है। जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद की अगुवाई में जनसुनवाई पहुंचे पीड़ित विनोद केवट, द्वारका पटेल, संतोष दुबे, सोनू पाठक, अनीता पाठक, विशाखा पटेल ने बताया कि उनका क्षेत्र ऊंचाई पर है, जिस टंकी से छुई खदान क्षेत्र में जलापूर्ति होती है नगर निगम ने अन्य क्षेत्रों को पानी उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन का विस्तार कर दिया है। जिसके कारण उनके क्षेत्र तक पानी पहुंच ही नही रहा है। पिछले दो माह से वे कभी कुआं तो कभी आस-पास के बोर से पानी भरने विवश है। रोजाना पानी के लिए पसीना बहाना पड़ रहा है। जनसुनवाई कर रहे अपर आयुक्त ने जल विभाग को शिकायत प्रेषित करते हुए कार्रवाई लिए कहा है।
80 वर्षीय पूर्व पार्षद भगतराम सिंह बिलहरी निवासी ने जनसुनवाई में शिकायत देते हुए अपर अायुक्त को बताया कि उनके निवास के पास ही बिना नक्शा स्वीकृति के निर्माण करवा लिया गया है। जो पारित नक्शे के विरुद्ध है। इसकी शिकायत वे तीन साल से करते आ रहे परंतु आज तक निराकरण नहीं हुआ। अवैध निर्माण से बरसात में बहने का पानी अवरुद्ध होता है। अपर आयुक्त ने उन्हें भी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शिकायत भवन शाखा को प्रेषित की।
मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में 40 शिकायतें पहुंची। जबकि सभी 16 संभागीय कार्यालयों में 20 शिकायत दर्ज की गईं। ज्यादातर शिकातयों का मुख्यालय तथा सभी संभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बुलाकर आवेदनों का निराकरण कराया। जबकि महत्वपूर्ण शिकातयें संबंधित विभाग में प्रेषित की गईं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एसी की आउटडोर यूनिट चोरों के निशाने पर, तांबे के पाइप पर हाथ साफ