
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और झाबुआ जिले के थांदला से पूर्व विधायक कल सिंह भाबर विवादों में घिर गए हैं। शनिवार दोपहर महिलाओं से अभद्रता करते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ है। इसे कांग्रेस ने महिलाओं का अपमान बताते हुए भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो एक खेत का है। बताया जा रहा है कि इस खेत पर भाबर स्वयं बुलडोजर चलवा रहे थे। इसे रोकने के लिए सामने आकर खड़ीं हुईं कुछ महिलाओं को बुलडोजर पर बैठे पूर्व विधायक कल सिंह धमकाते नजर आ रहे हैं। इसी बीच वह एक महिला का हाथ पकड़कर मारने के लिए लात उठाते हैं।
एक व्यक्ति, जो इस वीडियो को मोबाइल से रिकॉर्ड कर रहा था, वह भाबर को 'मामा' कहकर महिलाओं पर लात न उठाने की बात कहता सुनाई दे रहा है। इसके बावजूद पूर्व विधायक महिला को हाथ से धकेलते हैं। इस दौरान गाली-गलौज भी की गई।
झाबुआ जिले के थांदला से पूर्व विधायक और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे कलसिंह भाबर नारी शक्ति का इस तरह सम्मान करते हैं।
भाजपा की नेतागिरी नेताओं के लिए अत्याचार, कब्जे और नारी अपमान का लाइसेंस बन गई है! pic.twitter.com/x3tSMHGXmj
— MP Congress (@INCMP) May 30, 2026
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पेज पर तंज कसते हुए लिखा- पूर्व विधायक और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे कल सिंह भाबर नारी शक्ति का इस तरह सम्मान करते हैं। भाजपा की नेतागीरी अत्याचार, गठबंधन और नारी अपमान का लाइसेंस बन गई है।
यह भी पढ़ें- बकरीद के दूसरे दिन खंडवा में गोवंश के शव के अवशेष मिलने से तनाव, पुलिस ने 8 पर किया मामला दर्ज, 4 गिरफ्तार
इस घटना पर पूर्व विधायक कल सिंह भाबर का तो पक्ष सामने नहीं आया, लेकिन उनके पुत्र संजय भाबर ने कहा है कि यह पारिवारिक मामला है और विवाद जमीन से जुड़ा है। उनके अनुसार संबंधित महिलाएं उनके काका की जमीन को लेकर परेशान कर रही थीं, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि इस मामले में कोई विधिक कार्रवाई नहीं की गई है। थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश का कहना है कि मामले में अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है।