
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। सोमवार को मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में हुई मूसलाधार वर्षा ने जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी वर्षा , जलभराव और मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में हुए भूस्खलन के कारण रेलवे का परिचालन बाधित हो गया है।
भारी वर्षा के चलते मुंबई और पुणे की ओर जाने वाले ट्रैक प्रभावित हुए हैं। इसी कड़ी में, स्वर्णमंदिर मेल एक्सप्रेस पिछले 2 घंटों से झाबुआ के बामनिया स्टेशन पर खड़ी है। रेलवे प्रशासन सुरक्षा के कारणों से ट्रेनों को नियंत्रित कर रहा है।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुणे की ओर जाने वाली ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं, जबकि मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों को धीरे-धीरे और सावधानीपूर्वक एक-एक करके निकाला जा रहा है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, वर्षा और ट्रैक पर बोल्डर गिरने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द, डायवर्ट या रीशेड्यूल की गई हैं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई–पुणे घाट सेक्शन में भूस्खलन और ट्रैक पर बोल्डर गिरने के चलते रेलवे ने प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है:
* ट्रेन संख्या 22944 (इंदौर – दौंड सुपरफास्ट एक्सप्रेस): आज इंदौर से रवाना हुई यह ट्रेन अब सूरत – जलगांव – मनमाड – पुणे के रास्ते चलेगी।
* ट्रेन संख्या 12264 (हजरत निजामुद्दीन - पुणे दुरंतो एक्सप्रेस): आज निजामुद्दीन से चली यह ट्रेन अब सूरत – पालधी – जलगांव – मनमाड – पुणे के परिवर्तित मार्ग से होकर गुजरेगी।
रेलवे प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच जरूर कर लें।