'दांत तोड़कर जिंदा गाड़ दूंगा ', MP कैबिनेट मंत्री के भाई की गुंडागर्दी, महिला अधिकारी को दी धमकी
मध्य प्रदेश में अब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई और झाबुआ-रतलाम से भाजपा सांसद अनीता चौहान के देवर द्वारा एक महिला अधिकारी से विवाद ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Apr 2026 09:29:33 PM (IST)Updated Date: Sat, 25 Apr 2026 09:29:33 PM (IST)
MP कैबिनेट मंत्री के भाई ने महिला जनपद CEO को दी धमकी।HighLights
- MP कैबिनेट मंत्री के भाई की दबंगई
- महिला जनपद CEO को दी धमकी
- पुलिस कार्रवाई और आरोपित का पक्ष
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। मध्य प्रदेश में अब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई और झाबुआ-रतलाम से भाजपा सांसद अनीता चौहान के देवर द्वारा एक महिला अधिकारी से विवाद और अभद्रता का मामला सामने आया है।
आलीराजपुर जिले में हुए इस विवाद में सामने आया है कि आरोपित भाजपा नेता इंदर सिंह चौहान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कन्या योजना के तहत विवाहित जोड़ों का विवाह कराने का दबाव महिला अधिकारी पर बना रहे थे।
महिला अधिकारी को दी जान से मारने की धमकी
आलीराजपुर की जनपद सीईओ प्रिया काग का कहना है कि उन्होंने जब विवाहित लोगों के विवाह आवेदन निरस्त कर दिए तो इंदर सिंह दबंगई करने लगे। धमकाते हुए उनसे कहा कि "तेरे दांत तोड़ दूंगा, यहीं जिंदा गाड़ दूंगा।" वह मारने के लिए दो बार आगे बढ़े, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने रोक लिया।
पुलिस कार्रवाई और आरोपित का पक्ष
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि महिला अधिकारी की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर आरोपित इंदर सिंह चौहान को गिरफ्तार किया गया, हालांकि बाद में उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। वहीं, आरोपित इंदर सिंह चौहान का कहना है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का बड़ा आयोजन होना है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों से गरीब लोग आवेदन जमा करने आ रहे हैं। सीईओ जानबूझकर आवेदनों में कमियां निकालकर लोगों को परेशान कर रही थीं।
आरोपों को बताया निराधार
इंदर सिंह चौहान ने सफाई देते हुए कहा कि मैंने केवल इस विषय पर उनसे चर्चा की थी। न तो कोई बदसलूकी की, न ही धमकी दी। मैं तो नारी का सम्मान करता हूं और ये आरोप निराधार हैं। बता दें कि इंदर सिंह की पत्नी जनपद अध्यक्ष हैं।
पिछले दिनों प्रदेश में शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने भी एक आइपीएस अधिकारी को धमकाया था। वह मामला ठंडा नहीं पड़ा कि अब आलीराजपुर जिले में मंत्री और सांसद के स्वजन द्वारा महिला अधिकारी से अभद्रता का मामला सामने आने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं।