_20261124_191333_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। गुजरात के भुज में मंगलवार दोपहर को हुए एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के ग्राम संदला निवासी एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों में दीवान मखौड़िया, उनकी गर्भवती पत्नी अश्वीना और उनके भाई अर्जुन के दो मासूम बच्चे नवीना व दशरथ शामिल हैं। एक साथ चार मौतों ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
बताया जा रहा है कि गांव के कई परिवार रोजगार की तलाश में कुछ दिनों पहले ही गुजरात के भुज गए थे। वहां वे मजदूरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। घटना के समय सभी मजदूर काम से लौटकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की छांव में बैठकर खाना खा रहे थे। सभी थके हुए थे और आराम कर रहे थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में यह आराम हमेशा के लिए मातम में बदल जाएगा।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और वहां बैठे लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दीवान, अश्वीना, नवीना और दशरथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की खबर जैसे ही संदला गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के सरपंच सहित अन्य ग्रामीण और परिजन शव लेने के लिए भुज के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने शासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 39 जिलों में जल संकट की आहट, सरकार ने शुरू किया जल गंगा संवर्धन अभियान, 353 करोड़ होंगे खर्च