4 करोड़ का सरकारी चावल गायब: 10973 क्विंटल हरदा, इंदौर और नीमच भेजा गया था, जांच में फर्जी निकली रसीदें
नागरिक आपूर्ति निगम (नान) ने कटनी से अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच हरदा, इंदौर और नीमच जिलों के लिए 32 ट्रक से 10 हजार 973 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल भेजा था।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 07:34:11 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 08:30:16 PM (IST)
ट्रांसपोर्टर के बिल सत्यापन में निकले फर्जी, सांकेतिक तस्वीरHighLights
- कटनी से भेजा था 32 ट्रक फोर्टिफाइल चावल
- लगभग चार करोड़ की बताई जा रही कीमत
- ट्रांसपोर्टर के बिल सत्यापन में निकले फर्जी
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। नागरिक आपूर्ति निगम (नान) ने कटनी से अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच हरदा, इंदौर और नीमच जिलों के लिए 32 ट्रक से 10 हजार 973 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल भेजा था, लेकिन तीनों जिलों ने यह नहीं मिलने की सूचना दी तो खलबली मच गई।
हाल ही में इसके खुलासे के बाद लगभग चार करोड़ रुपये कीमत का सरकारी चावल गायब होने की आनन-फानन में जांच शुरू की गई। वहीं, ट्रांसपोर्टर ने पावतियां पेश कर दावा किया कि उसने सभी जिलों को चावल भेजा है, लेकिन ये पावतियां तीनों जिलों के नान अधिकारियों ने सत्यापन में फर्जी बताई हैं।
गुरुवार को पावतियों के फर्जी होने की बात सामने आई। बताया गया कि इंदौर को आठ ट्रकों से 2641 क्विंटल, हरदा को 14 ट्रक से 4763 क्विंटल और नीमच को 10 ट्रकों से 3569 क्विंटल चावल भेजा गया था।
पावतियां निकली फर्जी
कटनी के प्रभारी नान अधिकारी रविकांत ठाकुर ने बताया कि ट्रांसपोर्टर रीवा चाकघाट स्थित भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के संचालक किशन केशरवानी ने मंगलवार को जो पावतियां पेश कर कहा था कि सारा चावल भेज दिया गया था, उन पावतियों को देखने के बाद इंदौर और हरदा के नान अधिकारियों ने फर्जी बताया है।
जानकारी मिली है कि, हरदा जिले के 14 और इंदौर जिले के आठ ट्रकों की पावतियां फर्जी हैं। पावतियों में कांट-छांट और छेड़छाड़ मिली है, इसलिए गोलमाल की आशंका और बढ़ जा रही है। वहीं, नीमच नान के जिला प्रबंधक अजीत कुमार सिंह का कहना है कि जुलाई 2025 से दिसंबर 2025 तक हमें चावल नहीं मिला, जिसकी सूचना हमने कटनी और भोपाल भेजी थी।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई- खाद्य मंत्री
खाद्य मंत्री ने भी दिए हैं जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी एफआईआर- प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मामले की जांच के लिए मुख्यालय के अधिकारियों का दल गठित किया है।
अपर मुख्य सचिव खाद्य केसी गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा है। वहीं खजुराहो-कटनी सांसद वीडी शर्मा ने गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली, जिसमें भी यह मुद्दा उठा। कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि हम जांच करा रहे हैं। दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।