
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। शहर के तिलक महाविद्यालय के समीप स्थित जागृति कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय बालिका स्नेहा शुक्ला, पिता आदित्य कुमार शुक्ला को पेट में तेज दर्द की शिकायत होने पर स्वजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचने के लगभग आधे घंटे के भीतर ही बालिका की मौत हो गई।
घटना के बाद बालिका के पिता ने चिकित्सकों पर गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उपचार में लापरवाही के कारण उनकी बेटी की जान गई। मामले को लेकर स्वजनों में आक्रोश देखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल के मुख्य द्वार पर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
मौके पर पुलिस बल बुलाया गए और स्वजनों और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया गया। स्वजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं अस्पताल प्रबंधन और पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।