
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। शहर में एक बार फिर से नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्ररी पर पुलिस ने दबिश देकर सामग्री जब्त की है। जिसमें नामी कंपनी के रेपर, भरे पाउच, मशीन सहित अन्य सामग्री जब्त कर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
माधवनगर पुलिस ने शिकायत पर बंगला लाइन में एक घर में दबिश दी थी और उस दौरान फैक्ट्ररी संचालित होना पाया गया। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ व जांच कर रही है कि उपनगरीय क्षेत्र में कब से गुटखा बनाने का कार्य जारी था और उसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार माधवनगर पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के बंगला लाइन में एक घर में नामी कंपनी लहर गुटखा की नकली पैकिंग कर बाजार में बेचा जा रहा है। जिसपर पुलिस की टीम बनाकर बंगला लाइन निवासी नीलेश पिता प्रकाश पाहूजा के घर में दबिश दी।
पुलिस को अचानक देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस की छापामार कार्रवाई में लहर ब्रांड के नाम से नकली पान मसाला, गुटखा तैयार कर उसकी पैकिंग करना सामने आया।
मौके पर पुलिस ने तलाशी ली तो मकान से तैयार माल, खाली पाउच, ब्रांडेड रेपर, पैकिंग मशीन सहित निर्माण व पैकिंग में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने सामग्री को जब्त किया और नीलेश पाहूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साथ ही आरोपित के खिलाफ नकली ब्रांड बनाने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
नकली पान मसाला बनाने का यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था, तैयार माल की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि बंगला लाइन में ब्रांडेड कंपनी का नकली पान मसाला बनाया जा रहा था। शिकायत पर दबिश देकर कार्रवाई की गई है और आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर ूपूछताछ व जांच की जा रही है।