
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने और उसके बाद उसके एक बच्ची को जन्म देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को जिला अस्पताल में एक 16 वर्षीय युवती के गर्भवती होने और प्रसव पीड़ा होने पर उसके स्वजनों ने भर्ती कराया था।
जहां पर किशोरी का विवाह न होने और कम उम्र में प्रसव होने के कारण जिला प्रबंधन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी।
मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इस बीच नबालिग ने एक बच्ची को जन्म दिया।
पीड़ित किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसके ही परिवार से जुड़े एक युवक ने बहलाकर उसके साथ गलत काम किया था। डर के कारण उसने मामले की जानकारी स्वजनों को नहीं दी, लेकिन इस बीच वह गर्भ से हो गई और किसी तरह उसे छिपाती रही।
युवक के डर के कारण उसने मामला दबाए रखा लेकिन जब प्रसव पीड़ा हुई और उसे अस्पताल ले जाया गया, तब मामला सामने आया।
किशोरी के बयान के आधार पर महिला थाना पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज कर डायरी बहोरीबंद पुलिस को भेजी थी। जिसमें अपराध कायम करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
बहोरीबंद थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।