MP के कटनी में स्कूल में घुसा बेकाबू वाहन, पीछे के रास्ते से निकाले सौ बच्चे
दुर्घटना के चलते स्कूल के छात्र व शिक्षक दहशत में आ गए और चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े और बच्चों को निकालने का प्रयास किया। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 06:58:46 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 07:04:31 PM (IST)
स्कूल की दीवार तोड़कर घुसा लोडर पिकअप वाहन।HighLights
- वाहन के कारण दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर गया, रास्ता बंद हुआ।
- घटना के बाद हड़कंप मच गया और बच्चे व शिक्षक दहशत में आ गए।
- रास्ता बंद होने से पीछे के रास्ते से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
नईदुनिया न्यूज, स्लीमनाबाद। जिले के स्लीमनाबाद क्षेत्र में गुरूवार की दोपहर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन सरस्वती स्कूल के भवन में जा घुसी। उस दौरान लगभग सौ बच्चे स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। भवन के दरवाजे से टकराए वाहन के कारण दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर गया और स्कूल का रास्ता बंद हो गया।
घटना के बाद हड़कंप मच गया और बच्चे व शिक्षक दहशत में आ गए। रास्ता बंद हो जाने से पीछे के रास्ते से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वाहन के दीवार गिरने से रूक जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार स्लीमनाबाद में रामलीला मंच के बगल से पुराने भवन में सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल संचालित है। गुरूवार की दोपहर को स्कूल में लगभग 100 बच्चे अध्ययन कर रहे थे।
उसी दौरान एक बजे लोडर पिकअप क्रमांक एमपी 20 जेडएच 5443 मार्ग से निकला और अनियंत्रित होकर स्कूल के गेट की दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। साथ ही आगे की दीवार गिर गई और दरवाजा बंद हो गया।
दुर्घटना के चलते स्कूल के छात्र व शिक्षक दहशत में आ गए और चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े और बच्चों को निकालने का प्रयास किया।
इस बीच शिक्षकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पीछे के रास्ते से बच्चों को सुरक्षित निकाला। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और वाहन को कब्जे पर लेकर वाहन चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया है। थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
स्कूल संचालक की लापरवाही आई सामने
- जिले के विजराघवगढ़ विकासखंड में बम्हनगवां में संचालित एक स्कूल की जर्जर दीवार गिरने से एक छात्र की मौत कुछ दिन पूर्व ही हो गई थी।
- ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी के साथ निजी स्कूल के संचालक भी पुराने व जर्जर भवनों में कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं।
- लोगों का कहना है कि स्लीमनाबाद मुख्य बाजार में रामलीला रंगमंच के बगल में बने सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल का भवन भी वर्षाें पुराना है और उसकी ओर अधिकारियों की नजर नहीं गई।
- परिणाम ये हुआ कि एक लोडर वाहन का धक्का लगते ही भवन का हिस्सा धराशाई हो गया।