
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय से दिल्ली के इमारत हादसे का शिकार हुए कटनी के दुबे कॉलोनी निवासी अक्षत यादव के पिता मंतू सिंह यादव व स्वजनों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अक्षत के साथ हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस कठिन समय में वे स्वयं और पूरी प्रदेश सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने स्वजनों से चर्चा करते हुए अक्षत के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
अक्षत यादव दिल्ली में रहकर दिल्ली विश्वविद्यालय में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे और साथ ही संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी भी कर रहे थे। 6 सितंबर को दिल्ली में एक निजी पीजी हॉस्टल की पूरी इमारत ढह जाने की दुर्घटना में अक्षत का असामयिक निधन हो गया था।
मुख्यमंत्री के अक्षत के पिता से वीडियो कॉल पर की गई बातचीत के दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, नवलेश मलिक, रजनीश तिवारी व राय प्रताप सिंह मौजूद रहे। कटनी स्थित अक्षत के निवास पर जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी भी स्वजनों के साथ उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- कटनी में सेंट का पीछा करते 600 मीटर दूर पहुंचा डॉग स्क्वाॅड, तालाब किनारे मिला तेंदुए का शव; तीन संदिग्ध पकड़े