छुट्टी से लौट रहे जेल प्रहरी की सड़क हादसे में मौत, कार से भिड़ी बाइक, डिवाइडर पर टकराने से लगी गंभीर चोट
कटनी में जिला जेल के मुख्य प्रहरी राजभान दुबे की सड़क हादसे में मौत हो गई। सिहोरा से लौटते समय बाइक कार से टकराई, पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 02:15:47 PM (IST)Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 02:15:47 PM (IST)
छुट्टी से लौट रहे जेल प्रहरी की सड़क हादसे में मौत। (नईदुनिया)HighLights
- जिला जेल के मुख्य प्रहरी राजभान दुबे की मौत।
- सिहोरा से कटनी लौटते समय बाइक कार से टकराई।
- टक्कर के बाद प्रहरी डिवाइडर पर जाकर गिरे थे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। जिला जेल में मुख्य प्रहरी के पद पर पदस्थ राजभान दुबे की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रहरी दुबे की मौत की खबर सामने आने के बाद से ही विभाग में मातम छा गया।
कार से टकराई बाइक, अस्पताल में किया मृत घोषित
बताया जाता है कि राजभान दुबे सिहोरा से कटनी अपनी बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान निवार चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लखापतेरी में उनकी बाइक कार से टकरा गई और वह उछलकर डिवाइडर में गिरे। आसपास के लोग दौड़े और उनको तत्काल शासकीय जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अवकाश से लौट रहे थे प्रहरी, पुलिस कर रही जांच
- जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी ने बताया कि जिला जेल के प्रमुख प्रहरी राजभान दुबे अवकाश पर थे। वे सोमवार सुबह लगभग सवा 10 बजे सिहोरा से कटनी अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक कार से टकरा गई।
- टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजभान बाइक से उछलकर डिवाइडर पर जा गिरे, जिसके कारण उनके शरीर में सिर के साथ-साथ कई जगहों पर गंभीर चोटें आई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।