
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को कटनी में हजारों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने विशाल प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाई।
प्रदर्शन की शुरुआत शहर के फॉरेस्टर प्लेग्राउंड स्टेडियम परिसर से हुई। यहां बड़ी संख्या में युवा एकत्र हुए। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
पूरे मार्ग में पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करो, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो के नारे गूंजते रहे। रैली के दौरान सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं की गई तो देश के मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
उनकी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, पूरे प्रकरण की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच हो, दोषियों को कठोर दंड दिया जाए, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं की भागीदारी से स्पष्ट है कि नीट विवाद को लेकर कटनी के युवाओं में व्यापक आक्रोश है।
यह भी पढ़ें- NEET Paper Leak : जबलपुर में लाल हिट जनता पार्टी भी सामने आई, CJP की मांग जायज; विरोध का तरीका गलत