कटनी में शादी के कार्यक्रम में फोटोग्राफी करने गए युवक का रात को मिला खून से सना शव
कटनी के एनकेजे थाना क्षेत्र में फोटोग्राफर प्रदीप साहू का खून से सना शव प्रेम नगर काली मंदिर के पास मिला। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 02:22:41 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 02:25:03 PM (IST)
प्रदीप साहू की तस्वीर।HighLights
- पांच दिन पहले ही घर लौटा था प्रदीप, शाम को फोटोग्राफी के लिए निकला था
- शव के पास दस्तावेज मिले, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
- परिजनों को हत्या कर शव फेंकने की आशंका, पुलिस ने पीएम कराकर शुरू की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। कटनी के एनकेजे थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। एक दिन पहले एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के बाद अब शुक्रवार-शनिवार की रात एक फोटोग्राफर का शव रक्तरंजित अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक गांव से तिलक समारोह में फोटोग्राफी करने निकला था। उसकी हत्या कर शव को मंदिर के पास फेंकने की आशंका है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बड़वारा थाना क्षेत्र के पहरिया गांव निवासी प्रदीप साहू पिता सुरेश साहू, 23 साल फोटोग्राफी का काम करता था। युवक कुछ दिन से बाहर था और पांच दिन पहले ही घर लौटा था। शुक्रवार की शाम को वह मोटर साइकिल से घर से कटनी में एक तिलक कार्यक्रम में फोटोग्राफी करने की बात कहकर निकला था।
मंदिर के पास पड़ा था शव
रात दो बजे के लगभग एनकेजे थाना क्षेत्र के प्रेम नगर काली मंदिर के पास लोगों एक युवक को खून से सना पड़ा देखा और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के पास से मिले दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान प्रदीप साहू के रूप में की और स्वजनों की सूचना दी।
युवक के शरीर में किसी धारदार वस्तु से हमला करने के निशान हैं और उसकी मोटर साइकिल व मोबाइल भी गायब है। स्वजनों को आशंका है कि युवक की हत्या कर उसका शव मंदिर के पास फेंका गया है। पुलिस ने शव का पीएम कराया है और मामले की जांच कर रही है।