
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। कुठला थाना क्षेत्र में बरात के देर से पहुंचने पर जमकर विवाद हुआ, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जिस कार में दूल्हा बैठा था, वह रास्ते में खराब हो गई थी। इसके चलते बरात दो घंटे से देरी से पहुंची। इस दौरान विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर बरातियों ने पहले पथराव किया। पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल करने के लिए लाठियां भांजनी शुरू कर दी।
वधू पक्ष के लोगों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा बिना कारण लाठीचार्ज करने और उसमें कई लोगों के घायल होने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जिले मैहर के अमदरा से सीताराम चौधरी के परिवार से बरात कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर आई थी।रात के करीब डेढ़ बजे बरात के पहुंचने पर दो पक्षों के लोग आपस में विवाद करने लगे और इस बीच विवाद बढ़ने से लोगों ने डायल-112 को सूचना दे दी।
मौके पर कुठला थाना क्षेत्र की एफआरबी (FRB) पहुंची और पुलिस दोनों पक्षों को समझा रही थी, तो उसी बीच बरातियों व घरातियों ने पुलिस से ही अभद्रता शुरू कर दी और पथराव करने लगे, जिसके चलते पुलिसकर्मी मौके से लौट आए और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी।
In Katni, Madhya Pradesh, the groom’s baraat was delayed by two hours. When they finally arrived, the DJ refused to play music, triggering a brawl in which the baraatis thrashed the DJ and his team. The DJ called the police, who reached the spot and began beating the baraatis -… pic.twitter.com/2gQ8drWIDB
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) April 22, 2026
बताया जाता है कि घटना की जानकारी लगने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने दोषियों को खोजकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कुठला पुलिस के साथ कोतवाली पुलिस को भी मौके पर भेजा। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शादी वाले घर में मौजूद लोगों ने अभद्रता करते हुए पुलिस पर फिर से पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिसमें चार-पांच पुलिसकर्मियों को भी चोट आईं। उसके बाद पुलिस ने मौके से लोगों को हटाने के लिए लाठियां भांजी, जिसके चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दूसरी ओर मामले को लेकर चौधरी परिवार के लोगों का आरोप है कि बरात देरी से पहुंची थी और इस बीच गश्त कर रही कुठला पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने देर रात बरात निकालने को लेकर बिना कोई बातचीत किए बरातियों को धक्का देना शुरू कर दिया। बरातियों ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और उसके बाद पुलिस मौके से चली गई।
उनका आरोप है कि उसके कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घर पहुंचे और घर के बाहर बरातियों के साथ वधू पक्ष के लोगों पर जमकर डंडे बरसाए। इतना ही नहीं, पुलिस की मारपीट में महिलाएं व बच्चों को भी चोट आई। उनका कहना है कि मारपीट में दुल्हन के भाई आकाश चौधरी, दूल्हे के चाचा और अन्य लोगों को गंभीर चोट आईं। लगभग 14 लोग पुलिस की मारपीट से घायल हुए हैं।
वधू पक्ष के लोगों ने मंगलवार को जनसुनवाई में भी शिकायत दी। जिसमें उनका आरोप है कि रात में हुए विवाद व मारपीट के दौरान लोगों के हाथ-पैर तक फ्रैक्चर हो गए। घायलों में संजय चौधरी, मनोज चौधरी, आकाश चौधरी, रमेश चौधरी, सुमन बाई, राजकुमार चौधरी, अजय चौधरी, भगवती चौधरी, नीरज चौधरी, विकास चौधरी, सुदामा चौधरी, शुभम चौधरी, सीताराम वर्मा और श्रोती वर्मा को चोट आई।
मामले का वीडियो प्रसारित होने और दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने देर शाम दो उपनिरीक्षकों को लाइन अटैच कर दिया। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान प्रथम दृष्टया अनुचित आचरण पाए जाने पर एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय और कुठला थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक सौरभ सोनी को शाम को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।