कटनी में हाइवा की टक्कर से पलटी यात्री बस, नवविवाहिता समेत 3 की मौके पर ही मौत, 25 घायल
विजयराघवगढ़ जा रही यात्री बस को कुठला थाना क्षेत्र के विजयराघवगढ़ मोड़ ब्रिज के पास सामने से आ रहे हाइवा ने टक्कर मार दी। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 14 Jun 2026 07:08:51 PM (IST)Updated Date: Sun, 14 Jun 2026 07:08:51 PM (IST)
कटनी में हाइवा की टक्कर से पलटी यात्री बसHighLights
- कटनी से विजयराघवगढ़ जा रही बस को हाइवा ने मारी टक्कर
- हादसे में दो युवकों और एक नवविवाहिता की मौत, 25 घायल
- कलेक्टर और एसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। कटनी से विजयराघवगढ़ जा रही यात्री बस को कुठला थाना क्षेत्र के विजयराघवगढ़ मोड़ ब्रिज के पास सामने से आ रहे हाइवा ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 25 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कटनी और विजयराघवगढ़ के बीच चलने वाली आर्यन ट्रेवल्स की बस कटनी से विजयराघवगढ़ की ओर जा रही थी। शाम लगभग चार बजे जैसे ही बस विजयराघवगढ़ मोड़ के पास कुठला थाना क्षेत्र में पहुंची, तभी एक हाइवा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई
बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी
हादसे में दो युवकों और एक नवविवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि नवविवाहिता बस के नीचे दब गई थी। क्रेन की मदद से बस को उठाने के बाद उसका कुचला हुआ शव बाहर निकाला गया। जिला अस्पताल में घायलों और मृतकों के स्वजनों की भीड़ लग गई है। पुलिस घायलों का उपचार करा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।