कटनी के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसा, तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत तेवरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 15 Jun 2026 05:16:50 PM (IST)Updated Date: Mon, 15 Jun 2026 05:25:02 PM (IST)
तेवरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसाHighLights
- तेवरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा
- पिकअप की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौके पर मौत
- सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। लमतरा ओवरब्रिज के पास रविवार शाम हुए बस हादसे की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि लगातार दूसरे दिन एक और सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेवरी के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक बिलहरी चौकी क्षेत्र के घुघरा गांव निवासी थे और मोटरसाइकिल से तेवरी जा रहे थे। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
टक्कर मारकर रौंदते हुए निकली पिकअप
स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि घुघरा गांव निवासी संतोष सेन अपने साथी चंदू आदिवासी के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-21-ज़ेडई-9048 से तेवरी की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग से तेवरी गांव की ओर मुड़ रहे थे, तभी कटनी से जबलपुर की दिशा में जा रही तेज रफ्तार पिकअप क्रमांक एमपी-28-जी-9373 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। इसके बाद पिकअप उन्हें रौंदते हुए कुछ दूरी पर जाकर रुकी। चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों की पहचान कर स्वजनों को सूचना दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्लीमनाबाद अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है।