
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव में बुधवार की दोपहर को एक युवक घर में सिलाई का काम कर रहा था। काम के दौरान वह रैक से कैंची निकाल रहा था और कैंची हाथ से छूटकर सीधे उसके सिर में गिरी और उसका नुकीला हिस्सा सिर में धंस गया।
घटना के बाद घर में अफरा तफरी मच गई और युवक को स्वजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर मशक्कत के बाद उसके सिर में धंसी कैंची को निकालते हुए चिकित्सकों ने उसे भर्ती कराया है।
एनकेजे थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी निवासी राकेश विश्वकर्मा पिता सीताराम विश्वकर्मा, 21 साल बुधवार की दोपहर घर पर सिलाई का काम कर रहा था। जिस स्थान पर वह काम कर रहा था, उसके ऊपर बने रैक में कैंची रखी हुई थी।
कैंची निकालने के प्रयास में अचानक कैंची गिरी और उसका नुकीला हिस्सा सीधे उसके सिर में धंस गया। युवक के चिल्लाने पर स्वजन दौड़े और उसकी हालत को देखते हुए तत्काल उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने मशक्कत के बाद उसके सिर से कैंची का निकाली और भर्ती कराया है। युवक की हालत फिलहाल स्थिर है।
यह भी पढ़ें- टीईटी परीक्षा को लेकर असमंजस, जबलपुर में अब तक शिक्षकों के लिए नियम स्पष्ट नहीं