
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। एक महिला की मानसिक स्थिति अच्छी न होने और उसकी ट्रेन छूट जाने पर Auto चालक व उसके एक साथी ने उसे मंदिर घुमाने का झांसा दिया। दोनों उसे रीठी थाना क्षेत्र के जंगल ले गए थे और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।
महिला पुलिस को मिली थी, लेकिन पूछताछ में वह कोई जानकारी नहीं दे सकी। स्वजनों को खाेजकर पुलिस ने उसे उसके घर दिल्ली भेजा था और वहां पर इलाज के बाद ठीक होने पर उसने घटना की जानकारी स्वजनों को दी और दिल्ली में ही शून्य पर मामला दर्ज कराया गया।
जांच के दौरान रीठी पुलिस ने लगातार जांच की और मुख्य आरोपित को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपित फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि थाना सफदरगंज साउथ दिल्ली में एक महिला ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जून को वह अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस से बैठी थी।
महिला मानसिक रुप से बीमार होने से दिल्ली में लंबे समय से इलाजरत थी। रात्रि 9.45 बजे मुड़वारा कटनी स्टेशन मे ट्रेन रुकने पर महिला पानी लेने उतरी, तभी ट्रेन छूट गई।
प्रकरण एक माह पुराना होने व आरोपित अज्ञात होने से उनको तलाश करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद के साथ पुलिस की टीम ने आरोपितों की तलाश करने के लिए कटनी में 800 से अधिक आटो चालकों की जांच की।
महिला द्वारा बताए गए जांच के दौरान पुलिस को रीठी क्षेत्र के आटो चालक दिनेश चौधरी निवासी जमुनिया पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसपर नजर रखी और साक्ष्य मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इसमें उसने एक अन्य के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आटो जब्त करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और उसके दूसरे साथी के संबंध में पूछताछ कर रही है।