खंडवा के जंगलों में फिर शुरू हुआ कब्जा, चौकीदार को पीटकर अतिक्रमणकारी बोले- अब यहां दिखा तो मार देंगे
करीब 30 से 40 अतिक्रमणकारी बाहरी जिलों बड़वानी, खरगोन और बुरहानपुर से पहुंचकर जंगल क्षेत्र में कब्जा करने लगे थे। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 13 Apr 2026 01:09:03 PM (IST)Updated Date: Mon, 13 Apr 2026 01:15:42 PM (IST)
अतिक्रमणकारी महिलाओं ने चौकीदार पर किया हमला।HighLights
- बाहरी जिलों से आए अतिक्रमणकारियों ने चौकीदार रामदास पर किया हमला
- वन विभाग ने पिपलोद थाने में दी शिकायती आवेदन, कार्रवाई जारी
- आमाखुजरी क्षेत्र में 250 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण का खतरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। गर्मी का सीजन शुरु होते ही है जंगल में अतिक्रमणकारी एक बार फिर सक्रिय हो चुके हैं। बोवनी करने के लिए जंगल में खेत तैयार किए जा रहे हैं। रोक-टोक कर रही वन विभाग की टीम के साथ अतिक्रमणकारी मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने तक से नहीं चूक रहे हैं।
ऐसा ही मामला सोमवार सुबह भी हुआ। सुबह करीब 30 से 40 अतिक्रमणकारी बाहरी जिलों—बड़वानी, खरगोन और बुरहानपुर से पहुंचकर जंगल क्षेत्र में कब्जा करने लगे। सूचना मिलते ही वन विभाग का स्टाफ मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए चौकीदार रामदास के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए, गला दबाया और नाखूनों से घायल कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। घटना के बाद विभागीय अमले में आक्रोश व्याप्त है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
अतिक्रमणकारियों ने चौकीदार को धमदी कि यदि दोबारा यहां दिखाई दिया तो जान से मार देंगे। इसके बाद वन विभाग के स्टाफ से करीब 10 से 15 लोग मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। वन विभाग के अधिकारियों ने पिपलोद थाने में उक्त मामले को लेकर शिकायती आवेदन दिया है।
उल्लेखनीय है कि अतिक्रमणकारियों द्वारा वन विभाग के स्टाफ को डराने-धमकाने का एक सप्ताह में यह दूसरा मामला है, इससे पहले विभाग एक नामजद एफआईआर थाने में करवा चुका है।
50 हैक्टेयर में फिर हुआ अतिक्रमण
जानकारी के अनुसार, आमाखुजरी क्षेत्र में करीब 250 हेक्टेयर वनभूमि है। पिछले वर्ष विभाग द्वारा बड़े स्तर पर कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन अब दोबारा करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्र में अवैध कब्जा कर लिया गया है। अतिक्रमणकारी जंगल साफ कर बोवनी की तैयारी कर रहे हैं। वन विभाग ने पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिए थे।
कई मामलों में पट्टे निरस्त कर बेदखली के आदेश भी दिए जा चुके हैं, बावजूद इसके अतिक्रमणकारी हटने को तैयार नहीं हैं। विभाग अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है और उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है।
यह भी पढ़ें : जबलपुर में बायपास से रिंग रोड तक बनने लगी अवैध कॉलोनियां, बिना परमिशन बेच रहे प्लाट
चौकीदार पर हमला किया, कपड़े फाड़े
जंगल में अतिक्रमणकारी फिर से सक्रिय हो चुके हैं, सुबह जब चौकीदार ने उन्हें देखा तो अतिक्रमणकारियों ने उस पर हमला कर कपड़े फाड़ दिए।विभाग द्वारा शिकायती आवेदन थाने में दिया जा रहा है।अतिक्रमणकारियों को हटाने के प्रयास जारी है। - नरेंद्र पटेल, रेंजर, गुड़ी वन परिक्षेत्र