
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। पंधाना रोड स्थित मानसिंगा मिल की सरकारी जमीन पर बनी दीवार और इससे लगी सड़क किनारे की दरगाह को जिला प्रशासन ने मंगलवार रात करीब आठ बजे बुलडोजर से हटा दिया। दिनभर चले विरोध, बहस और गहमागहमी के बाद प्रशासन ने कार्रवाई पूरी की। विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
शहरकाजी सैयद निसार अली ने दोपहर में कार्रवाई का विरोध करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि दरगाह तोड़ी गई तो शहर के मंदिरों के बाहर धरना दिया जाएगा। इससे पहले प्रशासन की टीम मानसिंगा मिल की दीवार और उससे लगी दरगाह हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होने पर शहरकाजी समाजजनों के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के सामने मास्टर प्लान का हवाला देने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि शहर में कई स्थानों पर मंदिर होने के कारण सड़क और मास्टर प्लान के प्रविधान लागू नहीं किए जाते। उन्होंने मंडी गेट और इंदौर रोड पर झीलोद्यान के पास स्थित मंदिरों का उदाहरण देकर प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
दीवार तोड़ने के लिए जैसे ही बुलडोजर आगे बढ़ा, शहरकाजी और समाजजन उसके सामने खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि बुलडोजर चलाना है तो चलाओ, हम नहीं हटेंगे। इस दौरान चालक को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को चोट लगी तो इसकी जिम्मेदारी उसे भुगतनी पड़ेगी। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने आपत्ति जताई और चालक से अपना काम जारी रखने को कहा।विरोध के दौरान भीड़ बढ़ने से सिटी मजिस्ट्रेट भी उसमें घिर गए। ट्रैफिक टीआइ देवेंद्र परिहार और पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर अपर कलेक्टर अरविंद चौहान, सीएसपी अभिनव बरंगे और मोघट थाना प्रभारी विकास खींची पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कृष्णबाग कॉलोनी के मकानों पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने पूरी की तैयारी
शाम को तीन बुलडोजर की मदद से करीब 100 फीट लंबी दीवार तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। विरोध को देखते हुए दरगाह को नुकसान से बचाने के लिए उसके ऊपर टीन की चादर डाली गई थी। रात करीब आठ बजे दरगाह को भी हटा दिया गया। शहरकाजी के खिलाफ कार्रवाई की मांगइधर, शहरकाजी की मंदिरों और हिंदू समाज को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में हिंदू संगठनों ने एसपी अगम जैन को आवेदन सौंपा। संगठनों ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी से सांप्रदायिक तनाव का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने शहरकाजी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।
वहीं, समाजजनों का कहना था कि सड़क किनारे स्थित दरगाह सांकेतिक थी, जबकि मुख्य दरगाह मानसिंगा मिल परिसर में है।कोटसड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटाया गया है। सुरक्षा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस पाइंट बनाए गए। इंटरनेट मीडिया पर नजर रखने के लिए भी टीम गठित की गई थी। - अभिनव बरंगे, सीएसपी।