खंडवा में पत्नी पर आपत्तिजनक कमेंट से भड़का दोस्त, पहले जीभर कर पिलाई शराब फिर रस्सी से घोंटा गला; आरोपित गिरफ्तार
पंधाना थाना क्षेत्र में सूक्ता डैम के पास मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 10 Apr 2026 05:20:02 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Apr 2026 05:20:02 PM (IST)
पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तारHighLights
- पत्नी पर टिप्पणी से नाराज होकर दोस्त की हत्या
- शराब पिलाकर रस्सी से गला घोंटा, पत्थर से किया वार
- पुलिस ने 12 घंटे में आरोपित को किया गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र में सूक्ता डैम के पास मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल सामग्री भी जब्त कर ली है।
क्या है मामलाा
घटना आठ अप्रैल को सामने आई, जब डायल 112 पर सूचना मिली कि सूक्ता डैम के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और बाद में मृतक की पहचान विशाल (37) निवासी आरूद के रूप में हुई।
जांच के दौरान डॉग स्क्वाड, एफएसएल टीम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही सखाराम उर्फ नान्या निवासी आरूद की पहचान हुई, जो घटना के बाद से फरार था।
पूछताछ में खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह और मृतक अक्सर साथ में शराब पीते थे। नशे में मृतक उसकी पत्नी के बारे में आपत्तिजनक बातें करता था, जिससे वह नाराज था। घटना वाले दिन आरोपित ने योजना बनाकर मृतक को अलग-अलग जगह शराब पिलाई और खुद नशे से दूर रहा। बाद में उसे सूक्ता डैम के सुनसान इलाके में ले जाकर रस्सी से गला घोंटा और पत्थर से वार कर हत्या कर दी।
फरार हो गया था आरोपित
हत्या के बाद आरोपित शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से रस्सी, मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में बोरगांव चौकी, पंधाना थाना और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।