
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। हत्या के मामले में इंदौर जेल में बंद एक आरोपित पैरोल पर बाहर आया तो उसने उस बुजुर्ग महिला के घर को ही निशाना बना लिया, जो उसे अपने बेटे की तरह मानती थी। रिश्ते में वह महिला उसकी दादी की सगी बहन है। घर में आना-जाना था और चाबी भी उसके घर में रखी रहती थी।
इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपित ने लोहे की पेटी का कुंदा तोड़ा और उसमें रखे करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर समेटकर फरार हो गया। चोरी की जानकारी मिलने के बाद भी बुजुर्ग महिला करीब तीन माह तक पारिवारिक मामला समझकर खुद ही सुलझाने की कोशिश करती रही। जब आरोपित नहीं माना तो आखिरकार उसने पुलिस की शरण ली।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमनगर, घासपुरा का है। फरियादिया उषाबाई पति श्यामराव जाधव (60) ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त से 4 सितंबर 2026 के बीच आरोपित किशोर पिता विलासराव गायकवाड़ निवासी गणगौर ने उनके घर से जेवर चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में 10-10 ग्राम की तीन सोने की मालाएं, जिनमें एक दाने वाली, एक दो पेंडल और एक तीन पेंडल वाली माला शामिल है।
इसके अलावा सफेद मोती लगी दो ग्राम की सोने की नथ, पांच-पांच ग्राम की दो सोने की अंगूठियां, 50 ग्राम की चांदी की पायल और 20 ग्राम का चांदी का चाबी का गुच्छा शामिल है। चोरी गए जेवरों की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि उषाबाई के पति की मृत्यु हो चुकी है और उनका कोई संतान नहीं है। आरोपी किशोर की दादी का घर भी प्रेमनगर में है। उषाबाई और किशोर की दादी सगी बहनें हैं। इसी नाते किशोर का उषाबाई के घर आना-जाना था। उषाबाई उसे अपने बच्चे की तरह रखती थीं। घर की चाबी भी किशोर के घर में रहती थी। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान उषाबाई अपनी बहन के घर गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपित ने घर की चाबी का फायदा उठाया और लोहे की पेटी का कुंदा तोड़कर जेवर चोरी कर लिए।
चोरी की जानकारी मिलने के बाद उषाबाई ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। उन्हें उम्मीद थी कि परिवार के बीच बातचीत से जेवर वापस मिल जाएंगे। वह आरोपित से बात करती रहीं, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो 1 नवंबर को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शाम 4:36 बजे एफआईआर दर्ज कर प्रकरण विवेचना में लिया।
यह भी पढ़ें- हरदा: तालाब में डूबने से 3 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत, खेलते-खेलते पानी में समाई
कायमीकर्ता एवं विवेचक उपनिरीक्षक भागवत लोखंडे ने बताया कि आरोपित किशोर हत्या के मामले में इंदौर जेल में बंद था। उसे गुडविल के आधार पर पैरोल मिली थी। इसी दौरान उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित पैरोल अवधि के दौरान ही फरार हो गया है।
उसकी महाराष्ट्र में मौजूदगी की सूचना मिली है। उसे पकड़ने के लिए जल्द ही पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- MP पुलिस का गजब कारनामा, मौत के दो महीने बाद मृतक पर केस, जंगली सूअर की जान लेने के आरोप में दर्ज की FIR