ओंकारेश्वर में खुशियां मातम में बदली, ओवरटेक के चक्कर में खाई में गिरा वाहन, 2 की मौत, 36 घायल
देवला से शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरा एक लोडिंग वाहनओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में गिर गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 10 Apr 2026 07:12:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Apr 2026 07:12:18 PM (IST)
ओंकारेश्वर में खुशियां मातम में बदलीHighLights
- ओवरटेक के दौरान 20 फीट खाई में गिरा वाहन
- 2 बुजुर्गों की मौत, 36 लोग घायल
- शादी से लौट रहे थे 40 ग्रामीण, वाहन था ओवरलोड
नईदुनिया प्रतिनिधि, पुनासा/ओंकारेश्वर। देवला से शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरा एक लोडिंग वाहनओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना पुनासा रोड स्थित डूडगांव के पास हुई। वाहन में ग्राम तलवाड़िया के करीब 40 ग्रामीण सवार थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, ओवरटेक करने के दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को सनावद के शासकीय व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय भगीरथ सोलंकी और 65 वर्षीय बाबूलाल सेजगाया की इंदौर रेफर के दौरान मौत हो गई।
तीन गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज सनावद के अस्पतालों में जारी है। अधिकतर घायलों के पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
युवाओं ने दिखाई तत्परता
प्रत्यक्षदर्शी अंकुश यादव ने तुरंत गांव में सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय युवाओं की टीम ने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
शादी सीजन में लोडिंग वाहनों से सवारी ढोने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है। क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण ऐसे हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।