डंसने वाले सांप को पीपे में भरकर अस्पताल पहुंचा स्नैक कैचर, अस्पताल में मची अफरा-तफरी, मौत
जानकारी के अनुसार आशिक मंसूरी इलाके में स्नेक कैचर के रूप में प्रसिद्ध थे और अब तक करीब एक हजार से अधिक सांप पकड़ चुके थे। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 01 Apr 2026 11:16:12 PM (IST)Updated Date: Wed, 01 Apr 2026 11:17:07 PM (IST)
स्नैक कैचर का उपचार करते डाॅक्टर।HighLights
- डाॅक्टरों ने तुरंत एंटी स्नेक वेनम देकर उपचार शुरू किया।
- लेकिन तब तक सांप का पूरा जहर शरीर में फैल चुका था।
- लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। जिले में एक दर्दनाक हादसे में सांप पकड़ने में माहिर युवक की जहरीले सांप के डंस से मौत हो गई। भोजाखेड़ी निवासी आशिक मंसूरी को मंगलवार को बरूड गांव में सांप पकड़ने के दौरान डंस लिया था। इलाज के दौरान रात करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार आशिक मंसूरी इलाके में स्नेक कैचर के रूप में प्रसिद्ध थे और अब तक करीब एक हजार से अधिक सांप पकड़ चुके थे।
गांव-गांव से लोग उन्हें सांप निकलने पर बुलाते थे और वे बिना तय शुल्क के लोगों की मदद करते थे। मंगलवार को बरूड गांव में एक जहरीले सांप को पकड़ने के दौरान उनसे चूक हो गई और सांप ने उन्हें डस लिया।
जहर चढ़ने के बावजूद वे सांप को प्लास्टिक के पीपे में बंद कर स्वयं ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पीपे में बंद सांप उग्र होकर फन मारने लगा।
डाॅक्टरों ने तुरंत एंटी स्नेक वेनम देकर उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक जहर शरीर में फैल चुका था। लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।