नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। शराब के लिए रुपये नहीं देने पर एक शराबी बेटे ने अपनी ही मां की लठ्ठ से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, शराबी बेटा हत्या करने के बाद मां की लाश के पास ही बैठा रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपित बेटे के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लठ्ठ भी जब्त किया है। मामले में पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
पिता की मौत हो चुकी थी
घटना पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम अस्तरिया की है। पुलिस के अनुसार 50 वर्षीय चंदा बाई पति लखन और 30 वर्षीय उसका बेटा शिवकरण पुत्र लखन दोनों घर में अकेले रहते थे। शिवकरण के पिता की मौत हो चुकी थी। शिवकरण की शादी नहीं हुई थी, वह अपनी मां के साथ रहता था और शराब का आदी था।
शराब पीने के लिए सोमवार दोपहर करीब दो बजे शिवकरण ने अपनी मां से रुपये मांगे। इस पर मां चंदा बाई ने शिवकरण को रुपये देने से इंकार कर दिया।
इस पर शिवकरण इतना आक्रोशित हुआ कि उसने लठ्ठ उठा लिया और अपनी मां को पीटने लगा। शिवकरण शराब के रुपये नहीं देने से इतना आक्रोशित था कि मौत होने तक उसने अपनी मां को लठ्ठ से पीटा।
पास ही में एक युवक ने शोर की आवाज सुनी और पास जाकर देखा। यहां शिवकरण लठ्ठ लेकर बैठा हुआ था, जबकि चंदा बाई जमीन पर पड़ी थी।
बोला- रुपये नहीं दे रही थी तो मार डाला
युवक ने तुरंत सूचना पंधाना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी दिलीप देवड़ा मौके पर पहुंचे और आरोपित शिवकरण को घटना स्थल से हिरासत में लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित शिवकरण ने कहा कि मैं शराब के लिए रुपये मांग रहा था, नहीं देने पर गुस्से में मार दिया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
अधिकारियों का क्या कहना
दिलीप देवड़ा, थाना प्रभारी, पंधाना का कहना है कि आरोपित को हिरासत में लिया गया। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां आरोपित शिवकरण लाश के पास ही बैठा मिला। प्रारंभिक पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।