
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। वन्यजीव सांभर के शिकार से जुड़े संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) इंदौर ने दो और फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से शिकार में इस्तेमाल किया गया 16 लाख रुपये मूल्य का चार पहिया वाहन भी जब्त किया है। इन्हें रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ जारी है।
वन विभाग के अनुसार, आठ मई 2026 को खंडवा जिले के पुनासा स्थित नर्मदानगर संरक्षित वन क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर स्थानीय वन अमले ने कार्रवाई की थी।
मौके से सांभर के शव के साथ दो आरोपित अशफाक अहमद निवासी बुधवारा बाजार, खंडवा और सलामुद्दीन निवासी मूंदी को गिरफ्तार किया गया था। आरोपितों के कब्जे से करीब 35 किलो सांभर का मांस और धारदार हथियार जब्त किए गए थे।
जबकि गिरोह के अन्य सदस्य वाहन से फरार हो गए थे। इस मामले में वन परिक्षेत्र चांदगढ़, वन मंडल खंडवा ने 9 मई को वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान एक अन्य आरोपित को खंडवा के इमलीपुरा से गिरफ्तार कर शिकार में इस्तेमाल रायफल भी जब्त की गई थी। पहले तीन आरोपित गिरफ्त में आए थे, जबकि चार आरोपित फरार थे। संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आने पर तीन सितंबर 2026 को मामले की अग्रिम जांच स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स इंदौर को सौंपी गई थी।
इसके बाद 19 नवंबर को मुस्तफा नदीम और खुजेमा, निवासी सैफीनगर, खातीवाला टैंक, इंदौर को गिरफ्तार किया गया। दोनों को 20 नवंबर को खंडवा न्यायालय में पेश कर 23 नवंबर तक वन रिमांड पर लिया गया था। वनमंडलाधिकारी खंडवा राकेश कुमार डामोर ने बताया कि आरोपितों से गिरोह के अन्य सदस्यों और शिकार की गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ द्वारा आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 300 मीटर पार करने में लग रहे 15 मिनट, सड़क पर खाली बसें और अस्थायी दुकानों से लग रहा जाम