खरगोन में 60 साल की बुजुर्ग महिला से नाबालिग ने किया दुष्कर्म, पीड़िता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
खरगोन के टांडा बरुड थाना क्षेत्र में एक नाबालिग ने 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता की अस्पताल में इलाज के ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 01 Feb 2026 12:47:16 AM (IST)Updated Date: Sun, 01 Feb 2026 12:53:20 AM (IST)
60 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म (सांकेतिक फोटो)HighLights
- 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म
- परिचित नाबालिग ने पीड़िता से किया दुष्कर्म
- पीड़िता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन: जिले के टांडा बरुड थाना क्षेत्र से एक विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिक ने बुजुर्ग महिला को अपनी हवस का शिकार बना दिया है। क्षेत्र की 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर की है। गुरुवार रात हुई इस वारदात में एक नाबालिग आरोपी को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात महिला अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और महिला को जबरन पास के खेत में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और महिला को गंभीर हालत में खेत में छोड़कर आरोपी फरार हो गया।
इलाज के दौरान पीड़िता की मौत
परिजन तलाशते हुए खेत पहुंचे। यहां महिला अचेत अवस्था में मिली। महिला को खरगोन जिला अस्पताल लाया गया। यहां आइसीयू में इलाज के दौरान करीब दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के पैनल ने महिला का पोस्टमार्टम किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतका का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मल्टीपल आर्गन से जुड़ी जटिलताएं सामने आई हैं, हालांकि डॉक्टरों की ओर से अभी स्पष्ट ओपिनियन नहीं दिया गया है।
यह भी पढ़ें- शराब के लिए पोता बना हैवान, दादी ने नहीं दिए पैसे तो पोते ने गर्दन पर चलाई ब्लेड, हालत नाजुक
पुलिस की हिरासत में आरोपी
खरगोन एसडीओपी रोहित लखारे ने बताया कि महिला से दुष्कर्म के मामले में एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपी की उम्र से संबंधित दस्तावेज मंगाए गए हैं। पोस्टमार्टम में मृत्यु के कारणों को लेकर कई बिंदु सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
वहीं, आरोपी के परिजनों ने पूछताछ के दौरान एक अन्य नाबालिग के शामिल होने का आरोप लगाया है, जिसे पुलिस ने फिलहाल खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना सभी पहलुओं पर जारी है।