मोनालिसा पर गरमाई राजनीति, MP के भाजपा सांसद-विधायक ने कहा- शादी कराने में केरल के मंत्री भी शामिल
प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की मालाएं बेचकर चर्चा में आने वाली मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर निवासी मोनालिसा भोंसले के राष्ट्रीय अनुसूचित ज ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 10 Apr 2026 09:19:29 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Apr 2026 09:19:29 PM (IST)
मोनालिसा की शादी पर भाजपा सांसद का आरोप।HighLights
- मोनालिसा मामले में गरमाई राजनीति।
- भाजपा का केरल सरकार पर हमला।
- शादी कराने में केरल के मंत्री भी शामिल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की मालाएं बेचकर चर्चा में आने वाली मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर निवासी मोनालिसा भोंसले के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग की जांच में नाबालिग होने की पुष्टि के बाद राजनीति भी गरमा गई है।
स्थानीय भाजपा सांसद और विधायक ने इस मामले में केरल सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रतिबंधित संगठन पीएफआइ के भी शामिल होने का आरोप लगाया है। खरगोन-बड़वानी क्षेत्र के भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि धोखाधड़ी से बनाए गए दस्तावेजों के आधार पर हिंदू परिवार की किशोरी का अपहरण करके उसे केरल ले जाया गया और वहां उससे शादी की गई। इसके लिए केरल सरकार की भी जवाबदेही बनती है। वहीं, फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने एफआइआर को न्याय की जीत बताया है।
लव जिहाद और पाक्सो के तहत कार्रवाई की मांग
महेश्वर के विधायक राजकुमार मेव ने मुख्य आरोपित फरमान खान के विरुद्ध मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, पाक्सो, बाल विवाह अधिनियम की धाराओं के तहत भी कार्रवाई कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि मोनालिसा के नाबालिग होने के समस्त प्रमाण मौजूद हैं। ऐसे में साबित हो गया है कि आरोपितों ने हिंदू धर्म की नाबालिग किशोरी को लव जिहाद का शिकार बनाया। उसका अपहरण किया और शादी कर ली।
बता दें कि आयोग ने अपनी जांच में पाया कि महेश्वर के शासकीय अस्पताल में दर्ज जन्म रिकॉर्ड के आधार पर मोनालिसा की आयु उसकी शादी किए जाने के समय लगभग 16 वर्ष रही। आयोग ने इस मामले में मध्य प्रदेश के डीजीपी को विधिक कार्रवाई के लिए लिखा। इसके बाद महेश्वर थाना पुलिस ने फरमान खान के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली।
माता-पिता बोले- हमारी बेटी हमें दी जाए
महेश्वर में शुक्रवार को मोनालिसा के माता-पिता व अन्य स्वजन ने पत्रकारों के सामने आकर कहा कि हमारी बेटी नाबालिग है। यह साबित हो गया है, इसलिए अब उसे शीघ्र वापस लाकर हमारे सुपुर्द किया जाए। उसके पिता ने कहा कि हम शुरू से ही कह रहे थे कि हमारी बेटी बालिग नहीं हुई है।
केरल में उसकी शादी के लिए फर्जी प्रमाणपत्र बनाए गए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी का अपहरण किया गया और इसमें जो लोग भी शामिल हैं, सबके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बेटी को धमकाने और डराने की बात भी कही। भाजपा सांसद और विधायक ने आरोपित पर पाक्सो, बाल विवाह अधिनियम और लव जिहाद में भी कार्रवाई की मांग की है।