
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला । जिले के नारायणगंज बीईओ कार्यालय से रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारायणगंज में पदस्थ बाबू नोखे लाल बेलिया को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि बाबू ने प्रार्थी दशरथ बरमैया से उसकी जीपीएफ की करीब एक लाख रुपये की राशि निकलवाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन किया और रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये देने की कार्रवाई तय हुई।
गुरुवार को जैसे ही प्रार्थी ने बाबू नोखे लाल बेलियाको 5 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिवनी माल कन्या आश्रम में चपरासी के पद पर कार्यरत प्रार्थी दशरथ ने बताया कि बाबू ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। बात 8 हजार रुपये में तय हुई थी। जिस पर मैंने पहली किश्त के रूप में बीईओ कार्यालय में 5 हजार दिया। जिसके बाद लोकायुक्त टीम ने कार्यवाही को अंजाम दिया।
लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति ने बताया कि जीपीएफ की राशि निकल गई थी। जिसके बाद बाबू पैसे मांग रहा था। शिकायत का सत्यापन किया गया और एफआईआर कर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई अभी जारी है।
यह भी पढ़ें- बिजली खपत बढ़ी तो जबलपुर में स्मार्ट बिजली एप देगा अलर्ट, बिल में ग्राफ से दिखेगा पूरा हिसाब