
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। निवास तहसील अंतर्गत चकदेही ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान असहज स्थिति बन गई। यहां हुआ ये कि समारोह के मुख्य अतिथि जब कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे, तभी उनके काफिले के वाहन गांव की कच्ची सड़क में फंस गए। नौबत यहां तक आ पहुंची कि गांव से ट्रैक्टर बुलाकर वाहनों को निकालना पड़ा।
बताया जाता है कि गांव के मुख्य मार्ग से कार्यक्रम स्थल की दूरी करीब 200 मीटर है और यह मार्ग कच्चा है। हाल में हुई बरसात के बाद ये रास्ता अत्यंत खराब हो गया। मौके पर चिकनी काली मिट्टी होने की वजह से रास्ता और भी बदहाल हो चुका था।
इस मार्गपर जैसे ही सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का काफिला पहुंचा, तो उसमें शामिल वाहन अचानक फंसने लगे। उनके पहिए घूम तो रहे थे, लेकिन कीचड़ की वजह से आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। करीब 15 मिनट तक परिश्रम के बावजूद जब वाहन कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाए।
प्रशासन और कार्यकर्ताओं ने गांव से ही एक ट्रैक्टर का इंतजाम किया और उसमें रस्सी बांधकर काफिले के फंसे हुए वाहनों को बाहर निकलवाया। फग्गन सिंह ने इस अव्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई। इस तरह से सामुदायिक भवन का लोकार्पण तो हो गया, पर मार्ग की बदहाली की कसक माननीय और प्रशासनिक अधिकारियों के चेहरे पर दिखाई दे रही थी।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या वे रोजाना झेल रहे हैं। एक खास बात यह भी है कि जिस चकदेही गांव की ये घटना है, वो मंडला जिले के निवास विधानसभा क्षेत्र में आता है। निवास फग्गन सिंह कुलस्ते की ही गृह विधानसभा है। उनके छोटे भाई रामप्यारे कुलस्ते यहां से विधायक भी रहे हैं। ऐसे में मामला सभी जिम्मेदारों के लिए विचारणीय है।
यह भी पढ़ें- इंदौर से फर्जी ई-मेल जबलपुर भेजा, असली कंपनी ने कहा नहीं मिले 27 लाख रुपये