नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। कोतवाली थाना अंतर्गत कटरा ग्राम में किराए का मकान लेकर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिलाने वाले रैकेट के तीन आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा है। ये सभी आरोपित जबलपुर के निवासी हैं, जो मंडला आकर आईपीएल सट्टा ऑनलाइन खिला रहे थे। पुलिस ने करीब 40 लाख का ऑनलाइन सट्टा का पर्दाफाश किया है। आरोपित कंपनी के नाम से संचालित खाते में लेन-देन करना पाया गया है।
मुखबिर से सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने जिले में आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले गिरोहों पर सतत निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कटरा, मंडला स्थित एक किराए के मकान में कुछ व्यक्ति आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा (बैटिंग) संचालित कर रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान द्वारा टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान तीन आरोपितों को आईपीएल सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
मौके पर पूछताछ करने पर आरोपित जमुना प्रसाद पटेल द्वारा बताया गया कि उसने कटरा, मंडला में मकान किराए पर लेकर स्वयं ही क्रिकेट सट्टा संचालन हेतु समस्त सामग्री उपलब्ध कराई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त ऑनलाइन सट्टा रैकेट में लगभग 40 लाख रुपये का सट्टा लगाया गया था। साथ ही आरोपित एक कंपनी के नाम से संचालित खाते के माध्यम से सट्टा राशि का लेन-देन करते थे।
आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
क्या हुआ बरामद
आरोपितों के पास से नगद 5 हजार 380 रुपये, एक लैपटॉप, वाई-फाई राउटर, आठ मोबाइल फोन, कॉल रिसीवर पेटी, इन्वर्टर व बैटरी, वॉयस रिकॉर्डर, सट्टा संबंधी रजिस्टर व दो बाइक जब्त की गई हैं। एसडीओपी पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में निरीक्षक शफीक खान, उपनिरीक्षक संजीव उइके, सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर वामनकर, आरक्षक रमेश, प्रियांश, मृदुल, पुनीत, जोगेंद्र, जगदीश ने कार्रवाई की।
ये पकड़े गए आरोपित गण:
लालू उर्फ जमुना प्रसाद पटेल पिता स्व. लखनलाल पटेल (38), निवासी शारदा चौक, थाना गढ़ा, जिला जबलपुर।
शुभम कोरी पिता राजकुमार कोरी (24), निवासी बेदीनगर छुईखदान, थाना गढ़ा, जिला जबलपुर।
आकाश राजभर पिता रामदुलारे राजभर (26), निवासी लालमाटी, थाना घमापुर, जिला जबलपुर।
यह भी पढ़ें- MP का 'काला गिद्ध' रायसेन से उड़कर पाकिस्तान पहुंचा, GPS लगा परिंदा तूफान में हुआ जख्मी