
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। जिले के निवास तहसील के साजपानी गांव निवासी राहुल यादव (18) की फेल्सीफेरम मलेरिया से मौत हो गई। राहुल उज्जैन में काम करता था और रक्षाबंधन का त्योहार मनाने कुछ दिन पहले गांव आया था।
गांव लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद स्वजन ने मंडला के कटरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में फेल्सीफेरम मलेरिया की पुष्टि हुई है।
आईसीयू में उपचार के दौरान गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने साजपानी गांव में रैपिड फीवर सर्वे के लिए टीम भेजी है। स्वास्थ्य अमला घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर रहा है। अब तक करीब 10 बुखार पीड़ित मरीजों की जांच की गई है, जिनमें मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई है।
निजी अस्पताल संचालक शिलानंद टोप्पो ने बताया कि युवक को तीन-चार दिन से बुखार था। जब लाया गया, तब वह अचेत अवस्था में था। जांच में फेल्सीफेरम मलेरिया पाया गया है। वहीं जिला मलेरिया अधिकारी आरके साहू ने बताया कि वह किस बीमारी से पीड़ित था, यह जांच का विषय है।
एहतियात के तौर पर टीम को गांव भेजा है। लार्वा सर्वे भी कराया जाएगा। जिला मलेरिया विभाग के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जिले में 71 हजार 310 लोगों की मलेरिया जांच की गई है। इनमें 40 मरीज मलेरिया से पीड़ित पाए गए हैं। 30 मरीज फेल्सीफेरम और 10 मरीज पीवी मलेरिया के हैं। इनमें तीन मरीज माइग्रेशन के हैं, जो अन्य जिलों से संक्रमित होकर मंडला आए थे।
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु पुलिस की पहली पसंद बना जबलपुर की वाहन निर्माणी का स्वदेशी एलएएमवी