
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। वायडी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम धारियाखेड़ी में 35 वर्षीय शादीशुदा इकबाल शेख ने गांव की ही 19 वर्षीय युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। लंबे समय से वह उसका शारीरिक शोषण भी कर रहा था। इसी बीच उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए।
अब वह पत्नी के साथ मिलकर युवती को अश्लील वीडियो बहुप्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर मंगलवार को युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपित इकबाल शेख व उसकी पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
वायडी नगर टीआई शिवांशु मालवीय ने बताया कि मंगलवार को ग्राम धारियाखेड़ी में रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए जहां उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि धारियाखेड़ी का ही निवासी इकबाल शेख ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था।
उसका शारीरिक शोषण भी किया और उसके बाद अश्लील वीडियो बनाकर प्रताड़ित कर रहा था। बाद में इसमें इकबाल की पत्नी भी शामिल हो गई। दोनों मिलकर बार-बार अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे। लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से तंग आकर युवती टूट गई और मंगलवार को जहर खा लिया। स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां शाम को उसकी मौत हो गई।
अब पुलिस 11 नवंबर को सुबह पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंपेगी। इधर, युवती के मृत्यु पूर्व बयान और स्वजन के आरोपों के आधार पर पुलिस ने आरोपित इकबाल शेख और उसकी पत्नी के खिलाफ दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर लिया है।