
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने का जुनून आजकल युवाओं पर इस कदर हावी है कि वे अपनी जान की परवाह भी नहीं कर रहे हैं। ताजा मामला शामगढ़ का है, जहां एक चाय बेचने वाले युवक ने रेलवे की पटरी पर लेटकर फिल्मी गाने पर रील बनाई। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की है।
आरोपी की पहचान शामगढ़ के वार्ड नंबर 14, रेलवे रिटायर्ड कॉलोनी निवासी राजेश मीणा के रूप में हुई है। राजेश की उर्दू स्कूल रोड पर चाय की दुकान है और वह अक्सर अपनी दुकान या सड़क पर नाचते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहता है। दो दिन पहले वह शामगढ़ के केबिन 'ए' के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। वहां उसने फिल्म नीलकमल के प्रसिद्ध गीत 'तुझको पुकारे मेरा प्यार...' पर पटरी पर लेटकर रील बनाई। करीब दो मिनट के इस वीडियो के दौरान युवक जान जोखिम में डालकर ट्रैक पर लेटा रहा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरपीएफ ने आरोपी की तलाश शुरू की। आरपीएफ प्रभारी केएस रावत ने बताया कि शुक्रवार को राजेश मीणा को थाने लाया गया। उसके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 145 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी से जुर्माना वसूलने के साथ ही भविष्य में उसके रेलवे परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने पर भी रोक लगा दी है।
इस घटना ने रेलवे स्टेशन और ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। जिस समय राजेश मीणा करीब दो मिनट तक ट्रैक पर लेटकर रील बना रहा था, उस वक्त वहां मौजूद रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ और जीआरपी जवानों की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में जब वीडियो वायरल हुआ, तब जाकर विभाग ने संज्ञान लिया और आरोपी को पकड़ा।