मंदसौर में मानव शरीर के जले हुए अंश मिले, एक परिवार का दावा- ये 97 दिन से लापता बेटी के
मंदसौर जिले में पुलिस को जानकारी मिली थी कि ग्राम नकेड़िया में किसी मानव शरीर को जलाया गया है। इसी आधार पर वहां टीम पहुंची तो कुछ अवशेष मिले हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 02 Apr 2026 07:36:44 AM (IST)Updated Date: Thu, 02 Apr 2026 07:45:32 AM (IST)
पुलिस का कहना है कि डीएनए जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि शव किसका है। - प्रतीकात्मक तस्वीरHighLights
- 29 वर्षीय बेटी 19 दिसंबर 25 को घर से लापता हो गई थी
- जितेंद्रसिंह उसे बहला-फुसलाकर साथ ले गया था
- युवती के जितेंद्र के साथ सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। शहर कोतवाली पुलिस व एफएसएल टीम ने सीतामऊ थाने के ग्राम नकेड़िया से जले हुए मानव शरीर के अंश मिले हैं। अब उनकी डीएनए व अन्य जांच के बाद ही पता चलेगा कि वे किसके शरीर के अंश हैं। इधर एक परिवार ने दावा किया है कि 97 दिन से लापता बेटी के शरीर के ही अंश हैं।
अवशेषों में दांत, राख और हड्डियां मिली हैं। हालांकि एसपी विनोद कुमार मीना का कहना है कि जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती है किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया गया। यह शक इसलिए भी गहरा रहा है कि इसी गांव का आरोपी जिितेंद्रसिंह दुष्कर्म के ही मामले में जेल में बंद है।
19 दिसंबर को लापता हो गई थी
जानकारी के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली थी कि ग्राम नकेड़िया में किसी मानव शरीर को जलाया गया है। इसी आधार पर वहां टीम पहुंची तो कुछ अवशेष मिले हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में अभिनंदन कॉलोनी निवासी युवती के स्वजन ने दावा किया है कि यह अवशेष उनकी लापता बेटी के हैं।
उनकी 29 वर्षीय बेटी 19 दिसंबर 25 को घर से लापता हो गई थी। इसके बाद स्वजन ने 25 दिसंबर को सिटी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। स्वजन ने संदेह जताया था कि सीतामऊ के ग्राम नकेड़िय़ा का जितेंद्रसिंह उसे बहला-फुसलाकर साथ ले गया था। पुलिस मामले में जांच कर रही थी।
दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद है जीतेंद्र
इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात यह है कि जो स्वजन मिले अवशेष अपनी बेटी का होने का दावा का रहे हैं, उसकी बड़ी बहन ने ही नकेड़िया के जितेंद्रसिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। शहर कोतवाली पुलिस को जांच के दौरान आरोपी जितेंद्र और पीड़िता को एटीएम से रुपये निकालते हुए सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे।
इस मामले में पुलिस ने आठ मार्च को आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था जिसे न्यायालय ने जेल भेज दिया है। इससे 10 दिन पहले ही जितेंद्रसिंह के करीबी दोस्त अशोक ने भी आत्महत्या की थी। ये सारी बातें ही इस मामले को संदेहास्पद बना रही हैं
मोबाइल से मिले थे अश्लील वीडियो
पुलिस के अनुसार आरोपी जितेंद्र के मोबाइल से कई लड़कियों व महिलाओं के अश्लील वीडियो और चेटिंग मिली है। इसे भी जब्ती में लिया गया है।
डीएनए जांच के बाद ही पता चलेगा किसी बॉडी है
सूचना मिली थी कि ग्राम नकेड़िया में कुछ समय पहले किसी को जलाया गया था। इसको लेकर ही पुलिस टीम वहां गई थी। किसी मानव शरीर को जलाने के निशान मिले हैं। कुछ हड्डियां व अन्य अंश मिले हैं। अब डीएनए या अन्य जांच के बाद ही पता चलेगा कि वह किसकी बाडी थी। अभी कह नहीं सकते कि वह अभिनंदन नगर से गायब युवती के ही अंश है। - विनोद कुमार मीना, एसपी