
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के अभिनंदन नगर क्षेत्र में गुरुवार शाम को रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। भाजपा पार्षद शाहिद मेव की तीसरी पत्नी रुबीना की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड पार्षद का अपना ही बेटा है, जिसने अपनी सौतेली मां से रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, भाजपा पार्षद शाहिद मेव ने कुछ समय पहले रुबीना से तीसरी शादी की थी। शादी के बाद से ही पार्षद का अपने घर आना-जाना कम हो गया था और वे अपना अधिकांश समय रुबीना के साथ ही बिता रहे थे। इस बात को लेकर पार्षद की पहली पत्नी का बेटा साहिल बेहद नाराज चल रहा था। परिवार के भीतर बढ़ते इस तनाव ने अंततः एक हिंसक मोड़ ले लिया।
वारदात उस समय हुई जब रुबीना अपने मायके (मदारपुरा) से ई-रिक्शा में सवार होकर अभिनंदन नगर स्थित अपने घर लौट रही थी। रास्ते में उसके सौतेले बेटे साहिल ने अपने दोस्त सोहेल के साथ बाइक से उसका पीछा किया। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले रुबीना को धमकाया। सोहेल ने रुबीना से कहा, "तुझे समझ नहीं आ रहा है, हमारे परिवार से हट जा वरना बहुत बुरा होगा।" जैसे ही रुबीना रिक्शा से उतरी, दोनों आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रुबीना की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- पटरी पर लेटकर चाय वाले ने बनाई रील, RPF ने पकड़कर सिखाया कानून का पाठ, दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित घेराबंदी करते हुए मुख्य आरोपी साहिल और उसके दोस्त सोहेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य साक्ष्यों को एकत्रित किया जा सके।
रूबीना की हत्या के मामले में फरार आरोपित सोतेले पुत्र साहिल और उसके दोस्त सोहेल को पुलिस ने राउंडअप कर लिया हैं। - तेरसिंह बघेल, एएसपी, मंदसौर