
नईदुनिया प्रतिनिधि, भानपुरा। तहसील के दूधाखेड़ी गांव में एक युवक की हत्या उसकी पत्नी के प्रेमी ने कर दी। आरोपित ने अपने खेत पर ही शव को जलाकर बचे हुए अवशेष जमीन में गाड़ दिए व कुएं में फेंक दिए। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
इस जघन्य हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों ने गरोठ-भानपुरा मार्ग पर दूधाखेड़ी गेट पर चक्काजाम कर दिया। वह आरोपित के मकान पर बुल्डोजर चलाने की मांग कर रहे थे। शाम तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद भी चक्काजाम खत्म नहीं हुआ था।
पुलिस ने मृतक के शव के अवशेष जब्त कर भानपुरा के शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम व फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं।
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार भानपुरा तहसील के ग्राम दूधाखेड़ी का रहने वाला 34 वर्षीय धनराज पुत्र बाबुनाथ 10 अप्रैल से ही लापता था। पुलिस ने जांच की तो मामला हत्या का निकला। मुख्य आरोपित 40 वर्षीय पंकज पुत्र रमेश चौधरी को भी पकड़ लिया गया।
उसने अपने खेत पर ही हत्या करना कबूल किया। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने धनराज का गला घोटकर मार दिया और उसके शव को जला दिया। शव के कुछ हिस्से पंकज चौधरी के खेत और कुएं में मिले।
ग्रामीणों व स्वजन ने बताया कि मृतक धनराज पंकज चौधरी के यहां ही ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता था व मजदूरी भी करता था। पंकज चौधरी के मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे।
इस मामले में सोमवार सुबह से सैकड़ों ग्रामीणों व स्वजन ने गरोठ-भानपुरा मार्ग पर दूधाखेड़ी गेट के बाहर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण एक ही मांग कर रहे थे कि मुख्य आरोपित पंकज चौधरी का मकान तोड़ा जाए।
भानपुरा तहसीलदार विनोद कुमार शर्मा व थाना प्रभारी रमेशचंद्र दांगी चक्काजाम स्थल पर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने में लगे हैं। ग्रामीण आरोपित का मकान तोड़ने व इस वारदात में शामिल अन्य लोगों का नाम सामने लाने की मांग करते हुए रोड पर शाम तक जमे रहे।
घर से बुलाकर साथ ले गए थे मृतक को
10 अप्रैल की रात में पंकज चौधरी और उसके अन्य साथी मृतक को घर से बुलाकर खेत पर ले गए थे। वहां किसी बात पर दोनों के बीच तनातनी हो गई और गला दबाकर धनराज की हत्या कर दी। शव को जलाकर उसके अवशेष जमीन में गाड़ दिए और कुछ कुएं में फेंक भी दिए। बाद में मृतक की पत्नी के साथ भानपुरा थाने आकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मृतक के पुत्र नीतेश ने भी 12 अप्रैल को पिता की गुमशुदगी का आवेदन भानपुरा थाने पर दिया था। पुलिस ने अपने स्तर से जांच की तो वारदात का राजफाश होने में ज्यादा देर नहीं लगी।
पुलिस कर रही है जांच
अभी पुलिस जांच कर रही है कि इस हत्या में कौन-कौन शामिल है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक आरोपित के यहां ट्रैक्टर भी चलाता था, साथ ही आरोपित के खेत में भी काम करता था। दोनों का मकान भी पास-पास ही है।
स्वजन को गुमराह करता रहा आरोपित पंकज
थाना प्रभारी रमेशचंद्र दांगी ने बताया कि आरोपित पंकज चौधरी ने 10 अप्रैल को ही खेत पर ले जाकर धनराज को मार दिया। बाद में मृतक के स्वजन को गुमराह करता रहा।
मृतक की पत्नी के साथ आकर हमदर्दी जताते हुए गुमशुदगी का आवेदन भी दिया। पुलिस ने तत्काल खोजबीन कर हर एंगल से जांच की तो हत्या का मामला निकला।
मृतक की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। मृतक की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध है। साथ ही इस वारदात में और भी आरोपितों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस इस वारदात की हर एंगल से जांच कर रही है। जो भी दोषी मिलेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।