पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से गायब हुए 99.90 लाख रुपये, तत्कालीन मैनेजर और डिप्टी मैनेजर सस्पेंड
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिला मुख्यालय स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट शाखा में 99 लाख 90 हजार रुपये गायब मिले। इस मामले की शिकायत बैंक प्रबंधन ने ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 13 Jun 2026 07:59:25 PM (IST)Updated Date: Sat, 13 Jun 2026 07:59:25 PM (IST)
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिला मुख्यालय स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट शाखा में 99 लाख 90 हजार रुपये गायब मिले। इस मामले की शिकायत बैंक प्रबंधन ने कोतवाली पुलिस से की है। यह मामला मई माह में सामने आया था। मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अनुज शर्मा और उपप्रबंधक उत्कर्ष घावरी के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। बैंक प्रबंधन ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
भोपाल से आई जांच टीम के भौतिक सत्यापन में हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार करेंसी चेस्ट के तत्कालीन शाखा प्रबंधक अनुज शर्मा ने मई में रुपये गायब मिलने की रिपोर्ट सर्किल हेड को भेजी थी। इसके आधार पर भोपाल के डिप्टी जोनल हेड ने जांच के लिए आलोक कातरे, राजीव रंजन कुमार को भेजा था।
जांच और भौतिक सत्यापन के बाद निष्कर्ष निकला कि चेस्ट में कुल रुपये 4.05 करोड़ रुपये होना चाहिए था, लेकिन वहां 3.05 करोड़ रुपये ही निकले। ये रुपये तत्कालीन शाखा प्रबंधक करेंसी चेस्ट अनुज शर्मा, उप प्रबंधक उत्कर्ष घावरी के रहते हुए गायब हुए थे। लेकिन बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर इसकी जानकारी नहीं दी गई।