पत्नी ने पति के खाने में मिलाए धतूरे के बीज, बेहोश हुआ तो मुंह में कपड़ा ठूंसकर कैंची से किए कई वार
मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना इलाके के बिश्निया गांव की घटना। पत्नी के चरित्र पर शक करता था पति, इसी गुस्से में उसने कर दी वारदात। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 02 Apr 2026 09:56:56 AM (IST)Updated Date: Thu, 02 Apr 2026 10:03:58 AM (IST)
पति और पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर होता था विवाद। - प्रतीकात्मक तस्वीरHighLights
- पत्नी के हमले में घायल सूरत सिंह को इलाज के लिए कोटा रेफर किया गया
- विवाद के बाद पत्नी लंबे समय से मायके में रह रही थी, अभी उसे वापस लाए थे
- महिला मायके से ही धतूर के बीच के साथ जहरीला पदार्थ लेकर आई थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। शामगढ़ थाने के ग्राम बिश्निया में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी ने पति को खाने में जहर देकर जान से मारने की कोशिश की। पति की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया तब भी पत्नी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने बेहोश पति पर कैंची से हमला कर दिया।
स्वजन और आस-पास के लोग जानकारी लगते ही घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने कोटा रेफर कर दिया है। शामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में आरोपित पत्नी को मायके पगारिया से गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेजा है। शामगढ़ पुलिस ने बताया कि सूरतसिंह पुत्र तोफानसिंह सौंधिया राजपूत निवासी बिश्निया की शादी तीन साल पहले झालावाड़ जिले के ग्राम पगारिया निवासी मनीषा से हुई थी।
जहरीला पदार्थ साथ लेकर आई थी
शादी के कुछ समय बाद से दोनों के बीच घरेलू विवाद होने लगे तो एक साल से मनीषा मायके में ही रह रही थी। वह सूरत के साथ नहीं रहना चाहती थी, सूरत उसके चरित्र पर शंका करता था इसको लेकर दोनों के बीच विवाद होते रहते थे। मनीषा अभी भी अपने मायके में ही रह रही थी।
30 मार्च को सूरतसिंह और उसके पिता तौफानसिंह पगारिया जाकर मनीषा को अपने साथ लेकर आए थे। इस दौरान मनीषा अपने घर से ही धतूरे के बीज और कुछ जहरीला पदार्थ साथ लेकर आई थी। वह सूरत के साथ रहना नहीं चाहती थी इसके चलते मंगलवार रात को उसने खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया और पति को खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
घायल पति को कोटा रेफर किया गया
बेहोश पति के मुंह में रुमाल ठूंसा, फिर उसके दोनों हाथ पीछे बांधे और कैंची से जानलेवा हमला किया। बेहोश सूरत के सीने, पीठ, पेट, कंधे और गाल पर गंभीर चोट लगी है। इस दौरान सूरत की चीख सुनकर स्वजन और आस-पास के लोग एकत्र हुए और बाद में उसे तुरंत उपचार के लिए शामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने कोटा रेफर किया है। इसके बाद स्वजन ने मनीषा के परिवार को बुलाया और उसे उनके साथ भेज दिया।
यह भी पढ़ें : MP में बदला मौसम का मिजाज, चने के आकार के गिरे ओले, 30 जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मनीषा को भेजा जेल
पति को खाने में जहर देकर मारने की कोशिश और कैंची से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपित पत्नी मनीषा को पगारिया से गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा है। - रविंद्रप्रताप डांगी, प्रभारी, थाना शामगढ़