इंदौर-खंडवा रोड पर भेरूघाट में लगा 8 किमी लंबा जाम, 10 घंटे तक फंसी रहीं गाड़ियां
अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओखलेश्वर हनुमान मंदिर, महेश्वर व अन्य स्थानों पर जाते हैं जिसके कारण हर शनिवार-रविवार ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 05 Apr 2026 08:44:47 AM (IST)Updated Date: Sun, 05 Apr 2026 08:51:31 AM (IST)
इंदौर-खंडवा मार्ग पर भेरूघाट सेक्शन में लगे जाम में फंसे वाहन।HighLights
- सिमरोल तलाई-नाका से बाईग्राम तक पहुंचने तक लग गया पांच घंटे से अधिक समय
- कल लोग घाट के मोड पर ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास करते रहते हैं
- बाइग्राम की ओर भी निर्माण कार्य के चलते वाहनों की गति धीमी हो जाती है
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू-सिमरोल। महू तहसील के सिमरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-खंडवा मार्ग के भेरूघाट पर शनिवार दिनभर जाम लगा रहा जिसमें दिनभर सैकड़ों वाहन फंसे रहे। सिमरोल पुलिस के मोर्चा संभालने के बाद भी जाम खत्म नहीं हुआ।
सिमरोल तलाई नाका से बाईग्राम तक आठ किमी के लंबे जाम में यातायात कछुए की चाल में चलता रहा जिससे वाहनों को सिमरोल से घाट उतरने तक करीब पांच घंटे से अधिक का समय लग गया। जाम सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक करीब 10 घंटे तक लगा रहा। इसके कारण कई लोग अपने गंतव्य तक ही नहीं पहुंच पाए।
ओवरटेक करने के कारण लगा जाम
शनिवार को अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओखलेश्वर हनुमान मंदिर, महेश्वर व अन्य स्थानों पर जाते हैं जिसके कारण हर शनिवार-रविवार को घाट पर जाम की स्थिति बन रहती है। इस शनिवार भी यही स्थिति बनी रही। घाट में दो लेन पर वाहन चलते हैं। परंतु कई बार यातायात दबाव अधिक हो जाने के कारण एक के पीछे एक वाहन लग जाते हैं।
ऐसी स्थिति में ओवरटेक करने वालों के कारण यातायात दो लेन से तीन व चार लेन में परिवर्तित हो जाता है। जिसके कारण जाम की स्थिति बन जाती है। शनिवार को भी इसी स्थिति के कारण दिनभर जाम लगा रहा। घाट के बीच में बने मोड़ पर कई वाहन चालक ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास करते रहते हैं।
निर्माणाधीन हाइवे के कारण धीमा होता है यातायात
गौरतलब है कि भेरूघाट सेक्शन खत्म करने व जाम की समस्या को खत्म करने के लिए इंदौर-खंडवा मार्ग पर नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया द्वारा नए हाइवे का निर्माण किया जा रहा है जिससे वाहनों को खंडवा की ओर जाने के लिए घाट पर जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे वाहन सीधे ऐलिवेटेड रोड व टनल के माध्यम से पहाड़ों के बीच से होते हुए खंडवा की ओर निकल सकेंगे।