महू में नर्मदा-क्षिप्रा पाइप लाइन फटने से भेरूघाट में मची अफरा-तफरी, घरों में घुसा पानी, यातायात प्रभावित
पाइप लाइन में अत्यधिक दबाव होने के कारण पानी का तेज फव्वारा की तरह कई फीट ऊंचाई तक उछलने लगा और देखते ही देखते आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 31 May 2026 01:45:32 PM (IST)Updated Date: Sun, 31 May 2026 02:30:04 PM (IST)
इस तरह फूटी पाइप लाइन। (वीडियो ग्रैब)HighLights
- पानी का तेज फव्वारा की तरह कई फीट ऊंचाई तक उछलने लगा
- देखते ही देखते आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया
- पाइप लाइन फूटने से पहले जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। इंदौर-खंडवा मार्ग पर स्थित भेरूघाट क्षेत्र में रविवार दोपहर नर्मदा-क्षिप्रा परियोजना की पाइप लाइन अचानक फट जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पाइप लाइन में अत्यधिक दबाव होने के कारण पानी का तेज फव्वारा की तरह कई फीट ऊंचाई तक उछलने लगा और देखते ही देखते आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
तेज धमाके के साथ फूटी पाइप लाइन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइप लाइन फूटने से पहले जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के रहवासी घबरा गए। पाइपलाइन से निकल रहा पानी इतनी तेजी से ऊपर उठा कि उसका फव्वारा पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की ऊंचाई तक पहुंचता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में बड़ी मात्रा में पानी आसपास फैल गया।
घरों में घुसा पानी, घरेलू सामान को नुकसान
पानी के तेज बहाव ने आसपास बने मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया, जबकि कुछ सामान बह जाने की भी जानकारी सामने आई है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित सहायता देने की मांग की है।
भेरू मंदिर मार्ग पर यातायात प्रभावित
पाइपलाइन फूटने के बाद भेरू मंदिर के समीप सड़क पर भी पानी भर गया। सड़क पर तेज बहाव होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालक जोखिम उठाकर पानी के बीच से गुजरते नजर आए, जबकि कुछ लोगों ने स्थिति सामान्य होने तक अपने वाहन रोक दिए। इससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। सबसे पहले पाइपलाइन की जलापूर्ति बंद करने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। विभागीय अमला क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में जुट गया है।
बड़ी मात्रा में पानी हुआ व्यर्थ
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पाइपलाइन फटने से बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ बह गया। लोगों ने पाइपलाइन के नियमित रखरखाव और तकनीकी जांच की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।