महू में पकड़े गए हनी ट्रैप गिरोह का एक और पीड़ित पहुंचा थाने, फार्म हाउस मालिक पर भी एफआईआर
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि गिरोह में अन्य सदस्य भी हैं, जो कि लोगों को ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने में सहयोग करते थे। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 04 Apr 2026 08:16:38 AM (IST)Updated Date: Sat, 04 Apr 2026 08:22:21 AM (IST)
फार्म हाउस पर मिलने बुलाती थी युवती, फिर पहुंच जाते थे उसके साथी। - प्रतीकात्मक तस्वीरHighLights
- गिरफ्तार आरोपियों के फोन खंगाल कर पुलिस जुटा रही सबूत
- पहले भी यह गिरोह कई लोगों को बना चुके हैं अपना शिकार
- फार्म हाउस सील किया, बड़गोंदा थाने पहुंचा लसूड़िया क्षेत्र का मामला
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। इंदौर जिले में सक्रिय हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद एक और मामला सामने आया है। बड़गोंदा थाना क्षेत्र में एक और पीड़ित पहुंचा, जिसने गिरोह के सदस्य द्वारा ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने की बात कही है।
हालांकि घटना क्षेत्र लसूडिया थाना क्षेत्र होने के कारण पीड़ित को लसूड़िया थाने में शिकायत करने को कहा है। वहीं, पूर्व सैन्य कर्मी से गिरोह की लड़की जिस फार्म हाउस में मिली थी, पुलिस ने उस फार्म हाउस को भी सील कर संचालक पर प्रकरण दर्ज किया है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की पुलिस कर रही तलाश
बड़गोंदा पुलिस ने हनी ट्रैप के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है। इनमें मुख्य आरोपी साधना गुप्ता निवासी भमोरी विजय नगर, विजय तिलवारे निवासी कनाड़िया, इंदौर और भावना भार्गव वर्तमान निवासी स्कीम नंबर 78 मूल निवासी बैरसिया, भोपाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि गिरोह में अन्य सदस्य भी हैं, जो कि लोगों को ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने में सहयोग करते थे। साथ ही पूर्व में कई लोगों को ब्लैकमेल कर रुपये ले चुके हैं। पूर्व में हुए मामलों की जानकारी के लिए पुलिस अब आरोपियों के सीडीआर खंगाल रही हैं। साथ ही मोबाइल को साइबर पुलिस को सौंपा है जिससे अन्य साक्ष्य भी मिल सकें।
एक माह पहले कमरे पर बुलाकर किया था ब्लैकमेल
मामला उजागर होने के बाद आरोपियों के नाम व फोटो अखबार में प्रकाशित होने के बाद एक और पीड़ित बड़गोंदा थाने पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि करीब एक माह पहले भावना ने उससे संपर्क कर मिलने के लिए लसूड़िया थाना क्षेत्र के एक कमरे में बुलाया था। वह कमरे में गया और बात करने लगा। कुछ ही देर में दो साथी आए और गलत काम करने का आरोप लगाते हुए धमकाने लगे और 27 हजार रुपये ले लिए।
मामला लसूड़िया क्षेत्र का होने के कारण बड़गोंदा पुलिस ने पीड़ित को लसूड़िया थाना क्षेत्र में एफआईआर दर्ज कराने के लिए भेजा। गुरुवार को पूर्व सैनिक व आरोपी भावना केलोद ग्राम स्थित रेनबो फार्म हाउस पर मिले थे। फार्म हाउस प्रबंधन द्वारा आगंतुकों की जानकारी न तो रजिस्टर में नोट की न ही उनके आईडी प्रूफ चेक किए और उसकी कापी रखी।
इसे देखते हुए बड़गोंदा पुलिस ने फार्म हाउस संचालक के खिलाफ 233 बी बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेनबो फार्म हाउस को सील भी किया।
यह भी पढ़ें : महू में हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, पूर्व सैनिक को बनाया शिकार; तीन आरोपी गिरफ्तार