
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू-सिमरोल। महू तहसील के सिमरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-खंडवा मार्ग के भेरूघाट पर रविवार को दिनभर जाम लगा रहा। इसमें दिनभर सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस के मोर्चा संभालने के बाद भी जाम खत्म नहीं हुआ। सिमरोल से बाईग्राम के आगे तक 11 किमी के लंबे जाम में यातायात कछुए की चाल में चलता रहा। वाहनों को सिमरोल से घाट उतरने तक पांच घंटे से अधिक का समय लग गया।
जाम दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक लगा रहा। इससे महू से सिमरोल होते हुए खंडवा रोड जाने वाले वाहन भगोरा-कालाकुंड मार्ग का उपयोग करने लगे। इससे उक्त कच्चे मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई वाहन खराब भी हो गए। इससे ग्रामीण भी परेशान हुए वहीं इंदौर से खंडवा की ओर जाने वाले वाहन तिंछाफाल से अंदरूनी मार्ग से उदयनगर होते हुए गए।
गर्मी की छुट्टियां व रविवार होने से बड़ी संख्या में लोग इंदौर से महेश्वर, ओंकारेश्वर ओखलेश्वर महादेव मंदिर जाने के लिए निकलते हैं। इससे अवकाश के दिन जाम की स्थिति बनती है। इस रविवार को भी यही स्थिति बनी। दोपहर 12 बजे से भेरूघाट पर जाम लगना शुरू हुआ। इसके बाद धीरे-धीरे वाहनों की लंबी कतार लग गई जो कि घाट के ऊपर सिमरोल से भी आगे की ओर चली गई। नीचे बाईग्राम के आगे तक कई वाहन फंसे रहे।
भेरूघाट में दो लेन पर वाहन चलते हैं, परंतु कई बार यातायात दबाव अधिक हो जाने के कारण एक के पीछे एक वाहन लग जाते हैं। ऐसी स्थिति में ओवरटेक करने वालों के कारण यातायात दो लेन से तीन व चार लेन में परिवर्तित हो जाता है। वहीं, वाहन भी खराब हो जाते हैं। इससे जाम की आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।
कालाकुंड निवासी पवन यादव ने बताया कि जाम लगने सेवाहन चालक भगोरा-कालाकुंड मार्ग का उपयोग करने लगे। इस कच्चे मार्ग पर छोटा घाटनुमा क्षेत्र भी है। इस पर वाहनों की कतार लग गई। साथ ही कई वाहन भी खराब हो गए।