महू में फूटी नर्मदा की लाइन, लाखों गैलन पानी सड़क पर बहा; तीसरे चरण के सभी पंप बंद
गर्मी में पानी की किल्लत झेल रहे महू में गुरुवार सुबह अग्रसेन चौराहे के पास नर्मदा की पाइपलाइन फूट गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 12:50:15 PM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 12:55:15 PM (IST)
महू में नर्मदा लाइन फूटने के बाद सड़कों पर पानी बहा।HighLights
- अग्रसेन चौराहे पर फूटी लाइन से बहा लाखों गैलन पानी, तीसरे चरण के पंप किए बंद
- 11 बजे पहुंचे कर्मचारी, शुरू हुआ सुधार कार्य, गर्मी में बढ़ेगी पानी की किल्लत
- भूजल स्तर गिरने से बंद हुए ट्यूबवेल, इंदौर आसपास नर्मदा आपूर्ति पर बढ़ी निर्भरता
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। गर्मी में पानी की किल्लत से जूझ रहे महू में गुरुवार सुबह नर्मदा की लाइन फूट गई। अग्रसेन चौराहे के पास फूटी लाइन से लाखों गैलन पानी सड़क पर बहता रहा। इस दौरान तीसरे चरण के सभी पंप बंद कर दिए गए।
सूचना मिलने के बाद 11 बजे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सुधार कार्य शुरू हुआ। इंदौर सहित आस-पास के इलाकों में गर्मी के दिनों में इस बार पानी की किल्लत हो रही है। ऐसे में इसके सुधरने तक लोगों को अब और परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इंदौर और आस-पास के इलाकों में नर्मदा नदी के पानी की पाइप लाइन द्वारा ही पानी की आपूर्ति की जाती है। यहां भूजल स्तर गिरने के बाद बड़ी संख्या में ट्यूबवेल भी बंद हो गए हैं। ऐसे में पानी के लिए लोगों की निर्भरता अब नर्मदा लाइन पर ही है।
इधर... जल संकट को लेकर मंत्री से मिले अजनोद के ग्रामीण
सांवेर : ग्राम अजनोद में ग्रामीणजन जल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। क्षेत्र की नल-जल योजना भी फेल हो गई है। योजना के तहत टेस्टिंग के दिन के बाद कभी ग्रामीणों को पानी नहीं मिला है। अब ग्रामीणजन गांव से दो किमी दूर से जा रही नर्मदा लाइन से ग्राम की तलाई में पानी लाने के लिए जगह-जगह ज्ञापन देकर प्रयास कर रहे हैं। जिससे गांव का जलसंकट खत्म हो सके।
इसके लिए ग्रामीणों ने पूर्व जनपद सदस्य सत्यनारायण डांगर एवं दीपक सरकार बिलावलिया के नेतृत्व में सांवेर विधायक व जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट से मुलाकात की। ग्रामीणों ने मंत्री तुलसीराम सिलावट को समस्या बताई और कहा कि ग्राम के पास नर्मदा लिंक योजना के वाल लगे हैं।
वहां से पाइप लाइन डाल कर अजनोद की सुखी तलाई में पानी छोड़ने से गांव की समस्या का स्थायी हल हो सकता है। मंत्री सिलावट ने दो दिन में पानी की समस्या हल करने का आश्वासन
दिया है।
यह भी पढ़ें : 36 घंटे से तीन दिन का हुआ वॉटर शटडाउन, भोपाल के 5 लाख लोग गर्मी में पानी को तरस रहे