
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। महू वन परिक्षेत्र और सांवेर तहसील के लसूडिया क्षेत्र में तेंदुए के हमले की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। दोनों घटनाओं में ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचाई, हालांकि एक युवक और एक बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
पहली घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सांवेर तहसील के सुलाखेड़ी और लसूडिया परमार गांव के बीच तालाब किनारे स्थित खेत में हुई। सुलाखेड़ी निवासी 34 वर्षीय अर्जुन पिता मांगीलाल अपने गुलाब के बगीचे में फूल तोड़ने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
हमले से घबराए अर्जुन ने बचाव के लिए हाथ आगे किया, जिसे तेंदुए ने अपने जबड़ों में जकड़ लिया। संघर्ष के दौरान अर्जुन जमीन पर गिर गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और लगातार प्रतिरोध करता रहा। इस दौरान उसके हाथ पर तेंदुए के दांतों के गहरे घाव आए, जबकि पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर पंजों के घाव के निशान भी आए।
घटना के दौरान वहां अर्जुन के परिचित पहुंचे तो शोर मचाया, जिससे तेंदुआ अर्जुन को छोड़कर भाग गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। टीम को घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पगचिह्न मिले। इसके बाद करीब तीन घंटे तक सर्चिंग अभियान चलाया गया। वन विभाग ने क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए हैं और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है।
दूसरी घटना महू वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुशलगढ़ गांव के जंगल में गुरुवार शाम करीब 6 बजे हुई। डमाली निवासी 57 वर्षीय अर्जुन पिता दरियाव मवेशी चराकर लौट रहे थे, तभी पीछे से तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले की आहट मिलते ही अर्जुन एक ओर हटे, जिससे उनके कंधे और गले पर तेंदुए के पंजे लगे। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत अपनी लाठी से तेंदुए पर पलटवार किया, जिससे तेंदुआ डरकर भाग गया।
घायल बुजुर्ग को तुरंत मध्यभारत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। महू वन परिक्षेत्राधिकारी नयन कुमार पालवी के अनुसार, घटना का पंचनामा बनाकर पीड़ित को तत्काल एक हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। साथ ही आगे के इलाज का खर्च भी वन विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें : कुत्ते को दबोच कर ले जा रहा था तेंदुआ, दूसरे ने भिड़कर साथी को छुड़ाया