मुरैना में भाजपा नेता के भाई के घर दिनदहाड़े एक करोड़ की डकैती, तांत्रिक तरीके से वारदात
भाजपा नेता के मुताबिक उनके भतीजे की सगाई के लिए खोलूं धारणा के राजेंद्र सिंह जादौन अपने साथ भिंड के चार-पांच लोग लेकर आया। जिन्हें वह नहीं जानते थे। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 10:14:03 AM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 10:22:05 AM (IST)
HighLights
- भतीजे की सगाई करने आए लोगों पर आरोप
- आधी रात को पुलिस ने घेराबंदी कर 3 संदिग्धों को दबोचा
- सगाई की बातचीत के बहाने की रेकी
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। भारतीय जनता पार्टी के बागचीनी मंडल उपाध्यक्ष उम्मेश सिंह सिकरवार के भाई विष्णु सिंह के घर दिन दहाड़े एक करोड़ के गहने-नकदी व लाइसेंसी रायफल की डकैती डल गई। बेटे की सगाई करने आए लोगों पर डकैती का आरोप है। घटना गुरुवार दोपहर की है। आधी रात को पुलिस के साथ मिलकर तीन आरोपियों को पकड़ा है।
दो दिन से पुलिस ने मामला छुपा के रखा
देवगढ़ थाना क्षेत्र के नंदपूरा गांव में रहने वाले विष्णु सिंह सिकरवार सेना के रिटायर फौजी हैं। उनके बेटे राघवेंद्र सिंह भी भारतीय सेना में हैं। गुरुवार की दोपहर 12 से 3 बजे के बीच उनके घर से 50 तोला सोना 800 ग्राम चाँदी, 2.15 लाख रुपये की नकदी के साथ माउजर रायफल और 50 कारतूस की डकैती हो गई। पुलिस दो दिन से इस मामले को छुपाए हुए हैं लेकिन भाजपा नेता उमेश सिंह सिकरवार ने नईदुनिया को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनके भतीजे राघवेंद्र सिंह की सगाई करने के लिए खोलूं धारणा के राजेंद्र सिंह जादौन अपने साथ भिंड के चार-पांच लोग लेकर आया। जिन्हें वह नहीं जानते थे। इनके अलावा गोले की गढ़ी गांव के मंदिर पर रहने वाला एक साधु और दो-तीन लोग अलग से आए।
सगाई की बातचीत गुरुवार दोपहर 12 से तीन बजे तक करते रहे। बातचीत के बीच पूरा घर देखते रहे। साधु ने कुछ तांत्रिक विद्या की जिसके बाद घर के लोग एक जगह बैठे रह गए। इसका फायदा उठाकर घर में रखे 50 तोला सोने के, 800 ग्राम चाँदी के गहने, 2.15 लाख रुपये की नकदी के साथ माउजर रायफल और 50 कारतूसो को ले गए। घर के पीछे टूटा हुआ बक्सा माउजर राइफ़ल का कवर वह अन्य सामान मिला।
पीड़ित विष्णु सिंह ने बताया कि सूचना थाने में दी गई। इसके बाद रात 3 बजे के बागचीनी क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में राजेंद्र सिंह, गोले की गढ़ी के तांत्रिक साधु व एक अन्य को पकड़ा है। इन लोगों से गहने या नकदी नहीं मिली है। पुलिस पूछताछ कर रही है। उधर, देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल सिंह गुर्जर इस घटना को लेकर कुछ भी बताने तैयार नहीं।