मुरैना में अनोखा प्रदर्शन... भूत-प्रेत खराब कर रहे सड़के, सीवर और स्ट्रीट लाइट, बस में करने बुलाया तांत्रिक
सड़क के गड्ढे में बैठकर पूर्व पार्षद ने तांत्रिक से हवन पूजन करवाया और प्रेतात्मा को पकड़ने की बात कही। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 02:01:14 PM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 02:09:49 PM (IST)
सड़क पर बैठकर हवन-पूजन करता तांत्रिक। नईदुनियाHighLights
- मुरैना शहर की अधिकांश सड़कें हैं बदहाल
- सड़क के गड्ढों में बैठकर तांत्रिक से करवाया हवन-पूजन
- पूर्व पार्षद का कटाक्ष... जब काम घटिया नहीं, तो जरूर भूत-प्रेत ही खराब कर रहे सड़कें
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। शहर की सड़कों पर गड्ढे भूत-प्रेत कर रहे हैं। स्ट्रीट लाइटों को फुंकाने से लेकर सीवर लाइन और नालों को जाम करने का कारण भी बुरी आत्माएं हैं। इसीलिए ऐसी प्रेतआत्माओं को पकड़ा जा रहा है, जिससे शहर के विकास काम बर्बाद न हों। यह कहना है वार्ड 15 के पूर्व पार्षद दिलीप सिंह राठौर का और इसी मंशा के साथ उन्होंने एक तांत्रिक को बुलाकर पूजा-अर्चना कर बुरी आत्माओं को पकड़वाने का अभियान छेड़ रखा है।
मुरैना शहर की अधिकांश सड़कें बदहाल हैं। सीवर लाइन जगह-जगह जाम है, स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। ऐसी ही समस्याओं को लेकर वार्ड 15 के पूर्व पार्षद ने अनूठे तरीके से विरोध जताना शुरू कर दिया है। गुरुवार को वार्ड नौ में आने वाले अंबाह बायपास चौराहा और शुक्रवार को ट्रंच रोड पर पूर्व पार्षद के साथ दर्जनों स्थानीय निवासी और एक तांत्रिक सड़क पर बैठ गए।
अंबाह बायपास चौराहा पर सड़क पूरी तरह गायब है, गड्ढे हो गए हैं, सीवर लाइन भी जाम है। यही हाल ट्रंच रोड का है, जहां सड़क के गड्ढों में नालों का पानी भर रहा है। सड़क के गड्ढे में बैठकर पूर्व पार्षद ने तांत्रिक से हवन पूजन करवाया और प्रेतात्मा को पकड़ने की बात कही।
प्रशासन पर कटाक्ष
पूर्व पार्षद ने प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए कहा, कि नगर निगम द्वारा बेहतरीन सड़कों के कार्य से नाराज प्रेतात्माओं द्वारा सड़कों को खोदा व खराब किया जा रहा है सीवर, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता जैसे मूलभूत विकास के कामों पर प्रेतात्माओं का साया है। भूतों द्वारा घर-घर से कचरा कलेक्शन करने वाले वाहनों को गलियों में घुसने नहीं दिया जा रहा। गारंटी पीरियड में खराब हो रही सड़कों की फाइलों को भूत आफिस से गायब कर देते हैं। अधिकारियों को दफ्तर नहीं आने दे रहे। इन समस्याओं के निराकरण के लिए तांत्रिक से भूत-प्रेत पकड़वाए जा रहे हैं। पूर्व पार्षद ने बताया कि शनिवार को भी यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।