मुरैना में खेत की मेड़ काटने से रोकने पर दबंगों ने की मारपीट, दांत से माथे पर काटा और हसिया से आंख फोड़ी
घटित अपराध को लेकर बागचीनी पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट का अपराध कायम किया है।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 02:00:31 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 02:01:37 PM (IST)
HighLights
- मेड़ काटने और जोतने का विरोध
- दांत से काटा और हसिया से हमला
- बागचीनी पुलिस ने दर्ज किया केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। खेत की मेड़ काटने से रोकने पर भैंसरौली के दबंगों ने दूसरे खेत मालिक पवन सिकरवार को पकड़कर पीटा। दांत से माथे पर काट लिया और हसिया मारकर बायीं आंख पर चोट पहुंचाई है। इससे पवन को खून निकलने लगा। घटित अपराध को लेकर बागचीनी पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट का अपराध कायम किया है।
मेढ़ काटने के साथ उस जगह को ट्रैक्टर से भी जोता
जानकारी के मुताबिक, भैंसरौली में रहने वाले दबंग मलखान सिकरवार व उसके बेटे शिवम सिकरवार गुरुवार को फावड़े से पड़ोसी खेत मालिक नरोत्तम सिकरवार के खेत की मेड़ काट रहे थे।
मेढ़ काटने के साथ उस जगह को ट्रैक्टर से जोत भी रहे थे।
फरियादी पवन पुत्र नरोत्तम सिकरवार ने अपने पांच बीघा के खेत पर पहुंचकर देखा कि पड़ोसी खेत वाला मलखान व उसका बेटा शिवम उसकी मेढ़ को तोड़कर जोत भी रहे हैं। तब पवन ने मलखान व शिवम को मेड़ काटने से रोका।
फरियादी पवन सिकरवार के रोकने टोकने से बौखलाए आरोपित मलखान व शिवम ने मिलकर पवन को पकड़कर पीटा। मलखान ने पवन के माथे पर दांतों से काट लिया। शिवम ने हसिया से बायीं आंख पर प्रहार किया जिससे चोट लगकर खून बहने लगा। बागचीनी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।